सीएम मोहन यादव ने 7,832 टॉपर्स को स्कूटी भेंट की, उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
भोपाल।
मध्यप्रदेश के स्कूली बच्चों के लिए 11 सितंबर का दिन यादगार बन गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 7,832 मेधावी छात्रों को स्कूटी भेंट की। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान सीएम खुद एक बच्ची की स्कूटी पर बैठकर राइड का आनंद लेते भी नजर आए। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित ड्राइविंग, लाइसेंस और नंबर प्लेट की अहमियत समझाई।
कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए लगातार बेहतर अवसर बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से लैपटॉप, साइकिल, कॉपी-किताबों से लेकर अब स्कूटी तक विद्यार्थियों को सुविधाएं दी जा रही हैं।
इसी मौके पर सेनिटेशन-हाइजीन योजना के तहत कक्षा 7वीं से 12वीं तक की 20 लाख से ज्यादा बच्चियों को 61.12 करोड़ रुपये और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय योजना के तहत 20 हजार से अधिक बच्चियों को 7 करोड़ रुपये की राशि भी प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवा नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें, इसके लिए सरकार औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दे रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को धार में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास करेंगे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने इसे बच्चों के लिए जश्न का दिन बताया, वहीं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य ही अच्छे समाज का निर्माण कर सकते हैं।
Newsdesk