भोपाल : नगर निगम की गौशाला में लापरवाही, तीन गायों की भूख-प्यास से मौत, आठ की हालत गंभीर
भोपाल की अरवलिया गौशाला में भूख-प्यास से तीन गायों की मौत, आठ की हालत गंभीर। 665 गोवंश का रिकॉर्ड, पर मौके पर 300-400 ही मिले, चारे-पानी की कमी। बजरंग दल के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने शुरू की व्यवस्था और जांच।
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नगर निगम द्वारा संचालित अरवलिया गौशाला में गोवंश की देखभाल में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार को गौशाला में तीन गायों की भूख और प्यास से मौत हो गई, जबकि आठ से अधिक गायों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गौशाला में चारा और पानी की व्यवस्था न होने की वजह से सैकड़ों गोवंश खुले मैदान में तेज धूप में तड़पते देखे गए।
स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद संगठन के सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। बजरंग दल के कार्यकर्ता शुभम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि गौशाला में 10 से 15 गोवंश की मौत हुई है और कई शवों को तालाब के किनारे फेंक दिया गया।
रिकॉर्ड और वास्तविकता में अंतर
बजरंग दल मध्य भारत प्रांत के संयोजक सुशील सुडेले ने बताया कि गौशाला में पहुंचने पर तीन गायें मृत पाई गईं और सात अन्य गंभीर हालत में थीं। उन्होंने कहा कि गौशाला के रिकॉर्ड में 665 गोवंश दर्ज हैं, लेकिन मौके पर केवल 300 से 400 गोवंश ही मौजूद मिले। यह सवाल उठता है कि बाकी गोवंश कहां गए।
चार बोरी भूसे पर टिका सैकड़ों गायों का जीवन
जांच में पता चला कि 300 से अधिक गोवंश के लिए गौशाला में महज चार बोरी भूसा उपलब्ध था। इस गंभीर लापरवाही के खिलाफ बजरंग दल ने प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मृत गायों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे और बीमार गायों के इलाज की शुरुआत की। हुजूर के नायब तहसीलदार संतोष दुबे ने कहा कि अब गौशाला में चारे की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
नगर निगम का दावा: बीमारी से हो रही मौतें
नगर निगम के गोवर्धन परियोजना अधिकारी समुंदर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि गौशाला में बीमार गोवंश लाए जाते हैं, जिनकी हालत पहले से खराब होती है। उनके मुताबिक, शहर से रोजाना 10 बीमार गोवंश पकड़े जाते हैं और गौशाला में भेजे जाते हैं, जहां वे बीमारी की वजह से मर जाते हैं।
40 करोड़ का बजट, फिर भी हालात जस के तस
गौरतलब है कि नगर निगम की गोवर्धन शाखा परियोजना के लिए सालाना 40 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया जाता है। इसके बावजूद गोवंश को न तो पर्याप्त चारा मिल रहा है और न ही पानी। शहर में संचालित पांच काजी हाउसों की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है। इस घटना ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
news desk MPcg