प्रयागराज मर्डर केस चार हत्याओं के बाद रातभर सबूत मिटाने में जुटा रहा आरोपी सनी गुप्ता, सुबह घर लौटकर गढ़ी झूठी कहानी
प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में हुए दिल दहला देने वाले चारहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को हिला दिया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी सनी गुप्ता को लेकर लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात को अंजाम देने के बाद वह रातभर घटनास्थल पर ही रुका रहा और सबूत मिटाने में जुटा रहा।
जानकारी के अनुसार, साउथ मलाका स्थित एक बिल्डिंग में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मनीषा और बेटे अभिषेक की हत्या की गई थी। वारदात के बाद आरोपी ने न केवल लाशों को ठिकाने लगाने की कोशिश की, बल्कि घर में रखे आभूषण और अन्य कीमती सामान भी समेट लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद सनी गुप्ता ने बेहद सुनियोजित तरीके से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की, ताकि किसी भी तरह की पहचान या सुराग न मिल सके। पूरी रात वह घटनास्थल पर ही मौजूद रहा और अगले दिन सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर लौटा।
घर पहुंचकर उसने परिजनों को गुमराह करने के लिए एक झूठी कहानी भी गढ़ी, जिससे किसी को उस पर शक न हो। हालांकि पुलिस की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी गतिविधियों का खुलासा होता चला गया और आखिरकार वह गिरफ्तार हो गया।
इस सनसनीखेज हत्याकांड ने न सिर्फ प्रयागराज बल्कि पूरे प्रदेश में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस जघन्य अपराध के पीछे कोई और साजिश या सहयोगी तो नहीं था।
news desk MPcg