हापुड़ में बड़ा सड़क हादसा: बच्चों से भरी टूरिस्ट बस को कैंटर ने मारी टक्कर, कंडक्टर की मौत, सभी छात्र सुरक्षित

हापुड़ में बड़ा सड़क हादसा: बच्चों से भरी टूरिस्ट बस को कैंटर ने मारी टक्कर, कंडक्टर की मौत, सभी छात्र सुरक्षित

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसने कुछ ही पलों में खुशियों भरे सफर को मातम में बदल दिया। सिंभावली थाना क्षेत्र के वैठ चौकी के पास फ्लाईओवर पर टायर बदल रही एक मिनी टूरिस्ट बस को पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परिचालक बृजभूषण उर्फ बंटू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-128 स्थित जीपी स्कूल के छात्र शैक्षणिक भ्रमण के लिए उत्तराखंड के भीमताल जा रहे थे। रास्ते में बस का टायर खराब हो गया, जिसके बाद चालक समर और परिचालक बृजभूषण फ्लाईओवर के किनारे बस का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अनियंत्रित कैंटर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हो गया। इसी दौरान एक अन्य कैंटर भी सामने चल रहे वाहन से टकरा गया, जिसमें उसका चालक योगेश घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने 45 वर्षीय बृजभूषण को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चालक समर और कैंटर चालक योगेश को बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया गया।

इस हादसे के बीच राहत की सबसे बड़ी खबर यह रही कि मिनी बस में सवार सभी स्कूली बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी भी छात्र को चोट नहीं आई। हालांकि बच्चों की बस दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिजनों और स्कूल प्रशासन के बीच लगातार फोन कॉल्स का दौर चलता रहा। बाद में सभी बच्चों के सुरक्षित होने की सूचना मिलने पर अभिभावकों ने राहत की सांस ली।

फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कैंटर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।