मऊ में शादी की जिद पर मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, प्रेमी के आश्वासन के बाद सुरक्षित उतरी
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र स्थित रामपुर चकिया मोहल्ले में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती टावर पर चढ़कर प्रेमी से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी, दक्षिणटोला थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने युवती से लगातार बातचीत कर उसे शांत करने की कोशिश की। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया गया और बचाव दल को भी सतर्क रखा गया।
करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद प्रेमी ने शादी के लिए सहमति जताई, जिसके बाद युवती स्वेच्छा से मोबाइल टावर से नीचे उतर आई। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि या हादसा नहीं हुआ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद उससे और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मामले के सामाजिक और कानूनी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्तिगत या पारिवारिक विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से करें तथा अपनी या दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले कदम उठाने से बचें।
news desk MPcg