Hemant Soren: पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने हाईकोर्ट में लगाई ईडी के खिलाफ याचिका
Hemant Soren: पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने हाईकोर्ट में लगाई ईडी के खिलाफ याचिका
रांची।Hemant Soren: झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन ने ईडी के खिलाफ रांची हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। उन्होंने कोर्ट में ईडी कार्रवाई को गलत बताते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की है। दरअसल ईडी ने बुधवार को कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम हेमंत सोरेन से घंटों तक पूछताछ की थी। सीएम की ओर से यह याचिका बुधवार की शाम में दाखिल की गई। ऐसे में उक्त याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए अदालत से आग्रह नहीं किया जा सका। सीएम हेमंत सोरेन की ओर से दाखिल याचिका में ईडी की कार्रवाई को गलत बताया गया है। हेमंत सोरेन का कहना है कि ईडी के अधिकारी उन पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। इस आधार पर उन्हें गिरफ्तार करना चाहते हैं। याचिका में उन्होंनें सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का हवाला दिया है जिसमें कहा गया है कि जांच एजेंसी के अधिकारी जांच में सहयोग नहीं करने के आधार पर किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकते हैं।
याचिका में यह भी कहा गया है कि ईडी की ओर से उन्हें लगातार समन भेजा गया था। वह ईडी से समन भेजने का आधार पूछते रहे। लेकिन ईडी ने कुछ नहीं बताया। अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए उन्होंने ईडी से समय की भी मांग की थी। दसवें समन के बाद उन्होंने 31 जनवरी को पूछताछ के लिए ईडी को अपने आवास पर बुलाया था, लेकिन ईडी 29 जनवरी को ही दिल्ली स्थित उनके आवास पर छापेमारी करने पहुंच गई। जांच एजेंसी की यह कार्रवाई पूरी तरह से गलत है। इससे ईडी की मंशा का पता चलता है, इसलिए उनके खिलाफ किसी प्रकार की पीड़क कार्रवाई पर रोक लगाई जाए।
Newsdesk