पंजाब: जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, ISI के स्लीपर सेल को सक्रिय करने की थी योजना

पंजाब पुलिस ने ISI की आतंकी साजिश को नाकाम कर जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए। स्लीपर सेल को सक्रिय करने की योजना थी, जिसमें BKI और गैंगस्टर शामिल थे।

पंजाब: जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद, ISI के स्लीपर सेल को सक्रिय करने की थी योजना

अमृतसर, 6 मई 2025: पंजाब पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) की आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया है। शहीद भगत सिंह नगर के टिब्बा नंगल-कुलार रोड के पास घने जंगल में छिपाए गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया गया है, जिससे राज्य में अशांति फैलाने की ISI की योजना का खुलासा हुआ है। इस ऑपरेशन में पंजाब पुलिस की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) अमृतसर और एक केंद्रीय एजेंसी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। 

जंगल से बरामद हुआ आतंकी हथियारों का जखीरा

पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर किए गए इस ऑपरेशन में दो रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG), दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), पांच P-86 हैंड ग्रेनेड और एक वायरलेस कम्युनिकेशन सेट बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये हथियार और विस्फोटक ISI और इससे जुड़े आतंकी संगठनों द्वारा पंजाब में स्लीपर सेल को सक्रिय करने के लिए भेजे गए थे। इस साजिश का मकसद राज्य में सांप्रदायिक तनाव और अशांति पैदा करना था।

ISI की साजिश का खुलासा

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, ISI ने पंजाब में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) जैसे संगठनों और गैंगस्टरों के नेटवर्क का सहारा लिया था। जांच में यह भी सामने आया है कि जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और पाकिस्तान स्थित आतंकी शहजाद भट्टी के सहयोगी जीशान अख्तर ने इस साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी भी की जा रही थी, जिसे सीमा सुरक्षा बल (BSF) और पंजाब पुलिस की सतर्कता ने विफल कर दिया।

हाल के आतंकी घटनाओं से जुड़ाव

पिछले महीने जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में भी ISI की संलिप्तता सामने आई थी। उस हमले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था और एक ई-रिक्शा भी बरामद हुआ था। विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने बताया कि इन घटनाओं में समान पैटर्न देखा गया है, जो ISI के समन्वित आतंकी मॉड्यूल की ओर इशारा करता है।