Indore: होल्कर स्टेडियम में फिर बम की धमकी, चार दिनों में दूसरी बार दहशत!
इंदौर के होल्कर स्टेडियम को चार दिनों में दूसरी बार बम धमकी वाला ईमेल मिला, जिसमें स्टेडियम में बम होने का दावा किया गया। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद बम स्क्वॉड ने जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और यह दूसरी घटना 9 मई के बाद की है, जब भी इसी तरह की धमकी दी गई थी।
इंदौर के होल्कर स्टेडियम को एक बार फिर से धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है। इस ईमेल में लिखा गया है कि स्टेडियम में बम प्लांट कर दिया गया है और जल्द ही एक बड़ा धमाका होने वाला है। इस संबंध में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के एक प्रशासनिक अधिकारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम और बम स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और सघन जांच शुरू की, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस को मिली जानकारी
तुकोगंज थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें एमपीसीए की ओर से कॉल आया था। कॉल में बताया गया कि उनके आधिकारिक ईमेल पर एक बार फिर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है। इस मेल में यह दावा किया गया कि स्टेडियम में बम रखा गया है। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और बम स्क्वॉड की टीम को बुलाकर जांच कराई गई। हालांकि स्टेडियम में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
चार दिनों में दूसरी बार धमकी
इससे पहले 9 मई को भी एमपीसीए को इसी प्रकार की धमकी दी गई थी। उस ईमेल में कहा गया था कि स्टेडियम में बम विस्फोट किया जाएगा और साथ ही यह चेतावनी भी दी गई थी कि पाकिस्तान से पंगा न लिया जाए। ईमेल में यह भी लिखा गया था कि सरकार को समझाना चाहिए क्योंकि पाकिस्तान के स्लीपर सेल पूरे देश में सक्रिय हैं। उस समय एमपीसीए के अधिकारी रोहित पंडित ने तुकोगंज थाने में इस धमकी की जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे, लेकिन उस समय भी कुछ नहीं मिला था।
news desk MPcg