भोपाल में पटाखा मार्केट में भीषण आग, धमाकों से दहला बैरागढ़ रोड

भोपाल के बैरागढ़ रोड पर शुक्रवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हलालपुरा स्थित एक पटाखा दुकान में भीषण आग लग गई। आग लगते ही दुकान में रखे पटाखों में लगातार धमाके होने लगे, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। आग की लपटें करीब 70 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं और दूर-दूर तक धुएं का गुबार फैल गया।

यह पटाखा दुकान मुख्य सड़क किनारे स्थित है, जहां दिन के समय भारी ट्रैफिक रहता है और आसपास बड़ी संख्या में वाहन भी खड़े रहते हैं। राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यदि यह आग दिन में लगती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़, गांधीनगर समेत कई फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने लगातार साढ़े तीन घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग की वजह से दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई और लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शॉर्ट सर्किट और आसपास हो रही आतिशबाजी को संभावित कारण माना जा रहा है, लेकिन प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही, पेट्रोल पंप के नजदीक पटाखा बाजार संचालित होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रही हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हादसे के कारणों की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।