कोहेफिजा में बढ़ता क्राइम ? लालघाटी वल्लभनगर के गायत्री टेंट हाउस में तीसरी बार चोरी की वारदात, सुरक्षा पर सवाल I
कोहेफिजा में बढ़ता क्राइम ? लालघाटी वल्लभनगर के गायत्री टेंट हाउस में तीसरी बार चोरी की वारदात, सुरक्षा पर सवाल I
लालघाटी वल्लभनगर स्थित गायत्री टेंट हाउस में तीसरी बार चोरी की वारदात सामने आई। देर रात अज्ञात चोरों ने 10–12 हजार रुपये कैश समेत सामान पार कर दिया। सुबह पुलिस, एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम ने जांच की। लगातार चोरियों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
भोपाल के लालघाटी वल्लभनगर स्थित गायत्री टेंट हाउस में तीसरी बार चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और करीब 10 से 12 हजार रुपये कैश समेत अन्य सामान उड़ा ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी के निर्देश पर थाना प्रभारी ने तुरंत टीम रवाना की। सुबह फिंगरप्रिंट्स, एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम यूनिट ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की।
दुकान संचालक राकेश सोलंकी का कहना है कि इससे पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है, जिनके सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिए गए थे, लेकिन अब तक खुलासा हुआ या नहीं इसकी कोई जानकारी नहीं मिली। संचालक के मुताबिक, बार-बार एक ही दुकान में चोरी होना इस बात की ओर इशारा करता है कि कोई नजदीकी व्यक्ति ही इस वारदात में शामिल हो सकता है।
सिमरन अपार्टमेंट परिसर में स्थित इस दुकान के पास दो दिन पहले भी एक अन्य चोरी हुई थी, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई जा चुकी है। लगातार चोरी की घटनाओं ने कोहेफिजा थाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रफल बड़ा होने और पुलिस बल की कमी के कारण रात में गश्त पर्याप्त नहीं हो पाती। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और पुलिस जांच जारी है।