मुख्यमंत्री मोहन यादव के हस्तक्षेप से बहाल हुई क्रिकेटर क्रांति गौड़ के पिता की नौकरी
1.
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक बार फिर संवेदनशील और प्रतिबद्ध नेतृत्व का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एवं मध्यप्रदेश की होनहार खिलाड़ी क्रांति गौड़ से किया गया वादा पूरा कर दिखाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर क्रांति गौड़ के पिता श्री मुन्ना सिंह की वर्षों से निलंबित नौकरी को सोमवार को पुनः बहाल कर दिया गया।
गौरतलब है कि हाल ही में महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्रांति गौड़ से उनके पिता की नौकरी बहाल करने का आश्वासन दिया था। इस आश्वासन को नियमों के तहत अमल में लाते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा श्री मुन्ना सिंह को पुनः सेवा में लिया गया है।
श्री मुन्ना सिंह मध्यप्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और वर्ष 2012 में चुनावी ड्यूटी के दौरान कथित लापरवाही के चलते निलंबित कर दिए गए थे। बीते 13 वर्षों से लंबित इस मामले का समाधान अब मुख्यमंत्री की पहल से संभव हो सका है।
इस निर्णय से न केवल गौड़ परिवार को आर्थिक और सामाजिक संबल मिला है, बल्कि क्रांति गौड़ का वह सपना भी साकार हुआ है, जिसमें वे अपने पिता को सम्मानपूर्वक पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होते देखना चाहती थीं। यह फैसला सरकार की खिलाड़ियों के प्रति संवेदनशीलता और न्यायप्रिय सोच को दर्शाता है।
news desk MPcg