मध्यप्रदेश के रीवा जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और सतर्कता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना अमहिया पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से फरियादी को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीवा निवासी सुमन सिंह ने थाना अमहिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे अजगरहा से सिरमौर चौराहा तक ऑटो से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनका गहनों से भरा बैग ऑटो में ही छूट गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई गई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संबंधित ऑटो की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए चालक तक पहुंच बनाई और कुछ ही घंटों के भीतर बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने बरामद आभूषणों का विधिवत सत्यापन करने के बाद बैग को फरियादी को सौंप दिया। अपने कीमती गहने सुरक्षित मिलने पर सुमन सिंह और उनके परिवार ने पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
मध्यप्रदेश पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाना से संपर्क करें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।