पटना में खान सर के संस्थान पर देर रात अटैक, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पटना में खान सर के संस्थान पर देर रात अटैक, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

बिहार की राजधानी पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर की कोचिंग संस्थान 'खान ग्लोबल स्टडीज' पर मंगलवार देर रात हमला होने से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। वीडियो में कुछ लोग कोचिंग परिसर के बाहर तैनात गार्ड के साथ मारपीट करते और जमकर हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने कोचिंग संस्थान के बाहर पथराव किया, पोस्टर फाड़े और परिसर में तोड़फोड़ की कोशिश की। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

CCTV और वायरल VIDEO में कैद हुई वारदात

घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग गार्ड को घेरकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान ईंट-पत्थर भी फेंके गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

हमले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर का नाम भी सामने आया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे क्या वजह थी।

अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

छात्रों और अभिभावकों में चिंता

खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के बाद छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए इस संस्थान से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कोचिंग संस्थान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

शिक्षा के मंदिर में हिंसा पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा और प्रतिस्पर्धी माहौल में बढ़ते तनाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमले के पीछे की साजिश व उद्देश्य का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पूरे मामले पर अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।