कवर्धा सड़क हादसे के 19 मृतकों का किया अंतिम संस्कार
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में सड़क हादसे में 19 लोगों की जान जाने के बाद आज सभी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में आदिवासी रीति रिवाजों के अनुसार किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 महिलाओं और एक पुरुष का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर आदिवासी रीति रिवाजों से किया गया। वहीं दो महिलाओं का अंतिम संस्कार उनके ससुराल में हुआ। सेमहारा गांव में 17 लोगों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ 19 चिता जलाने के दौरान वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई थी।
कबीरधाम के कुकदूर के बाहपाली गांव में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों से माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन पर बात कर अपनी शोक संवेदना प्रकट की और दुःख की इस घड़ी में सरकार के उनके साथ खड़े रहने की बात कही, साथ ही हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।अंतिम संस्कार के दौरान राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में खुद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्थानीय विधायक भावना बोहरा मौजूद थे। दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की है। श्री शर्मा अंतिम संस्कार तक श्मशान घाट पर मौजूद रहे।
गौरतलब है कि सेमहरा गांव के 36 ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने के लिए रुखमीदादर जंगल गए थे। तेंदूपत्ता तोड़ने के बाद लौटते समय बहापानी गांव के पास घाट में यह दुर्घटना घटी। ग्रामीणों से भरी पिकअप खाई में गिर गई। पिकअप के नीचे दबने से 13 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आठ गंभीर महिलाओं को कुकदुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान पांच महिलाओं की मौत हुई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल स्थानांतरित किया गया।
Newsdesk