MP Weather: मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप, नर्मदापुरम में पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप बढ़ा, नर्मदापुरम में तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज। गुजरात-राजस्थान की गर्म हवाओं से पारा 42-44 डिग्री तक पहुंच सकता है। अप्रैल के अंत में लू और हल्की बारिश की संभावना।

MP Weather: मध्य प्रदेश में गर्मी का प्रकोप, नर्मदापुरम में पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा

भोपाल: मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को नर्मदापुरम राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह शहर देश के सबसे गर्म स्थानों की सूची में 10वें स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात और राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में तापमान में तेजी से इजाफा हुआ है। शुक्रवार को भी पारे में और वृद्धि की संभावना जताई गई है।

नर्मदापुरम और रतलाम सबसे गर्म

गुरुवार को नर्मदापुरम में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि रतलाम में 43.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य शहरों में भी गर्मी का असर देखने को मिला। गुना में 42.4 डिग्री, शाजापुर में 42.1 डिग्री, नरसिंहपुर और धार में 42 डिग्री, टीकमगढ़ में 41.5 डिग्री, सागर में 41.4 डिग्री, नौगांव, खजुराहो और मंडला में 41 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा, खरगोन में 40.6 डिग्री, खंडवा और दमोह में 40.5 डिग्री, रायसेन में 40.4 डिग्री और शिवपुरी में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। 

प्रमुख शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42 डिग्री तक पहुंचा। भोपाल में 41.1 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री, उज्जैन में 41.5 डिग्री और जबलपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। रतलाम में लू जैसी स्थिति देखी गई। 

अप्रैल में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के तीसरे सप्ताह में उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान और बढ़ेगा। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा और नर्मदापुरम संभागों में न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिन का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले 2-3 दिनों तक लू का प्रभाव रह सकता है, हालांकि हल्की बारिश की भी संभावना है। 
अप्रैल के चौथे सप्ताह में उत्तर-पश्चिमी हवाएं और तेज होंगी, जिससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक यानी 27 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। रातें भी गर्म होंगी। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री, जबकि इंदौर, उज्जैन, भोपाल और अन्य क्षेत्रों में 41 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 

लू का खतरा और साइक्लोनिक सर्कुलेशन

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बनने वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण अप्रैल के आखिरी दिनों में 3 से 4 दिन तक लू का असर और बढ़ सकता है। लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीएं और हल्के रंग के कपड़े पहनें।