Dhar News: सड़क हादसे का तांडव, चार युवकों की दर्दनाक मौत
धार जिले के इंदौर-अहमदाबाद हाइवे पर तिरला के पास एक कार सड़क किनारे खड़े वाहन से टकरा गई, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। मृतक झाबुआ से धार एक शादी समारोह में जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धार: मध्य प्रदेश के धार जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना इंदौर-अहमदाबाद राजमार्ग पर तिरला थाना क्षेत्र के ग्राम भलगांवडी के समीप की है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। यह हादसा इतना भयावह था कि स्थानीय लोग और राहगीर स्तब्ध रह गए।
जानकारी के मुताबिक, एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक भारी वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक झाबुआ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि ये युवक धार में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए झाबुआ से आ रहे थे। लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही तिरला थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए धार के जिला अस्पताल भेजा। धार के सीएसपी रविंद्र वास्केल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि झाबुआ की ओर से आ रही कार ने सड़क किनारे खड़े एक वाहन को टक्कर मारी, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ।
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए हाइवे पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह के वाहनों के खिलाफ कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। यही कारण है कि इस मार्ग पर बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
news desk MPcg