उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास चला बुलडोजर, 3 मंजिला अवैध होटल को गिराया, मची अफरा-तफरी

1 / 1

1.

उज्जैन में महाकाल मंदिर मार्ग पर सोमवार सुबह नगर निगम ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मंजिला अवैध होटल को ध्वस्त कर दिया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नगर निगम की टीम ने पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में पोकलेन मशीन की मदद से अवैध निर्माण को गिराया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, भवन क्रमांक 97/7 ए पर बिना अनुमति जी प्लस 3 मंजिला होटल का निर्माण किया जा रहा था। यह निर्माण नूरजहां पति गुलाम मोहम्मद द्वारा कराया जा रहा था, जो नगर निगम जोन क्रमांक 3 के अंतर्गत आता है। अधिकारियों ने बताया कि निर्माणकर्ता को पहले भी कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए काम जारी रखा गया।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित पक्ष ने न्यायालय का रुख किया था, लेकिन उन्हें किसी भी प्रकार की निर्माण अनुमति या स्थगन आदेश प्राप्त नहीं हुआ। नियमों का लगातार उल्लंघन होने पर नगर निगम ने अंतिम नोटिस जारी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

भवन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया, जिस कारण निगम को कठोर कदम उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर मार्ग एक संवेदनशील धार्मिक क्षेत्र है, जहां अवैध निर्माण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

नगर निगम ने साफ किया कि भविष्य में भी इस तरह के अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।