मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अमेरिका ने किया ‘मिनटमैन-III’ मिसाइल टेस्ट, स्पेन को लेकर ट्रंप की चेतावनी से बढ़ा विवाद

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अमेरिका ने किया ‘मिनटमैन-III’ मिसाइल टेस्ट, स्पेन को लेकर ट्रंप की चेतावनी से बढ़ा विवाद

न्यूयॉर्क/तेहरान: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव के बीच अमेरिका ने कैलिफोर्निया तट से अपनी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल LGM-30G Minuteman III का परीक्षण किया। अमेरिकी सेना के अनुसार मिसाइल को Vandenberg Space Force Base से देर रात लॉन्च किया गया। यह मिसाइल पश्चिम-मध्य प्रशांत महासागर में मार्शल द्वीप के पास तय लक्ष्य क्षेत्र में गिरी।

अमेरिकी वायुसेना ने बताया कि यह परीक्षण मिसाइल प्रणाली की सटीकता, तैयारी और प्रभावशीलता को परखने के लिए किया गया था। इस परीक्षण में किसी भी प्रकार का परमाणु हथियार शामिल नहीं था।

इसी बीच मिडिल ईस्ट में हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। हालिया घटनाओं के बाद क्षेत्र में ईरान, इज़राइल और अमेरिका के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। ईरान की ओर से इज़राइल और अमेरिकी ठिकानों पर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि इज़राइल ने लेबनान की राजधानी Beirut में जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति Donald Trump और स्पेन के प्रधानमंत्री Pedro Sánchez के बीच भी नया विवाद सामने आया है। स्पेन ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के लिए अपने सैन्य अड्डों के इस्तेमाल से इनकार कर दिया। इसके बाद ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि सहयोग नहीं मिला तो अमेरिका स्पेन के साथ व्यापारिक संबंधों पर पुनर्विचार कर सकता है।

विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिका-स्पेन व्यापार करीब 16 अरब यूरो का है और यह विवाद केवल आर्थिक नहीं बल्कि कूटनीतिक असर भी डाल सकता है। वहीं अमेरिका का कहना है कि Minuteman-III जैसे परीक्षण उसके परमाणु प्रतिरोधक क्षमता को बनाए रखने के लिए नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं।