विश्व अपडेट भारत के बेने मेनाशे समुदाय को इजराइल लाने की योजना, नेतन्याहू ने किया ऐलान
इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने घोषणा की है कि भारत के पूर्वोत्तर राज्यों मिजोरम और मणिपुर में रहने वाले बेने मेनाशे समुदाय के शेष सदस्यों को अगले चार वर्षों में इजराइल लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह समुदाय यहूदी लोगों का अभिन्न हिस्सा है और उनका घर इजराइल है।
भारत-इजराइल संबंधों पर भी जोर
नोफ हा-गलील शहर में भारतीय मूल के यहूदी प्रवासियों को संबोधित करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच संबंध मजबूत हो रहे हैं, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सहयोग के चलते।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष की शुरुआत से अब तक करीब 600 लोग इजराइल पहुंच चुके हैं और वर्ष 2026 के अंत तक लगभग 600 और लोगों के आने की उम्मीद है।
कौन है बेने मेनाशे समुदाय
बेने मेनाशे का अर्थ “मनश्शे के पुत्र” होता है। यह समुदाय मुख्य रूप से मिजोरम और मणिपुर में रहता है। समुदाय के लोग यहूदी परंपराओं जैसे सबाथ का पालन, कोषेर भोजन और यहूदी त्योहारों का आयोजन करते हैं।
वे खुद को लगभग 2700 साल पहले निर्वासित “दस खोई हुई जनजातियों” में से एक मनश्शे जनजाति का वंशज मानते हैं।
अन्य अंतरराष्ट्रीय खबरें
पाकिस्तान में सैनिटरी पैड और गर्भनिरोधक उत्पादों पर टैक्स खत्म करने की तैयारी
पाकिस्तान सरकार सैनिटरी पैड और गर्भनिरोधक उत्पादों पर लगने वाला 18% टैक्स खत्म करने की योजना बना रही है। वित्त मंत्री के अनुसार यह कदम महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार नियोजन को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है। देश में बड़ी आबादी अब भी महंगे सैनिटरी उत्पादों की वजह से वैकल्पिक साधनों का उपयोग करती है।
अमेरिका में विमान हादसा, भारतीय टेक प्रोफेशनल समेत 12 की मौत
अमेरिका के मिसौरी राज्य में स्काइडाइविंग विमान टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में भारतीय टेक प्रोफेशनल साई कार्तिक वर्मा दतला समेत 12 लोगों की मौत हो गई। विमान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद लौटने की कोशिश में खेत में गिर गया और उसमें आग लग गई।
वियतनाम में बिल्ली तस्करी गिरोह का भंडाफोड़
वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में पुलिस ने एक बड़े अवैध गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पालतू बिल्लियों की चोरी और तस्करी कर रहा था। कार्रवाई में 400 से अधिक जिंदा बिल्लियां बचाई गईं और 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से कई मृत बिल्लियां भी बरामद कीं।
news desk MPcg