भोपाल में अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई: करबला रोड से हटाया कब्जा, हलालपुर में भी एक्शन जारी
भोपाल में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए करबला रोड स्थित चाय लीला के पास अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई की। अतिक्रमण प्रभारी महेश गौर ने बताया कि इस स्थान पर अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान दूसरे पक्ष ने कोर्ट से स्टे ऑर्डर होने का दावा किया, लेकिन प्रशासन ने इसे दरकिनार करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी रखी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि चाय लीला पहले भी विवादों में रही है, क्योंकि इसका निर्माण शहर की मुख्य पाइपलाइन के ऊपर बताया जाता है। वहीं, शहर में कई बड़े होटल और मैरिज हॉल पर भी तालाबों को प्रदूषित करने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते उन पर कार्रवाई नहीं हो पाती।
इधर, करबला रोड के बाद प्रशासन ने हलालपुर क्षेत्र में भी कार्रवाई तेज कर दी है। यहां चार फार्महाउस, लॉन और गार्डन पर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया जारी है। बैरागढ़ वृत्त के तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह, राजस्व अमले और पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।