Delhi Excise Policy Case: पांचवीं बार ईडी के सामने पेश न होने पर बीजेपी ने सीएम केजरीवाल पर साधा निशाना
Delhi Excise Policy Case: पांचवीं बार ईडी के सामने पेश न होने पर बीजेपी ने सीएम केजरीवाल पर साधा निशाना
नई दिल्ली। Delhi Excise Policy Case: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने पांचवा समन जारी किया। लेकिन केजरीवाल जांच एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुए। इसे लेकर अब बीजेपी नेता हरीश खुराना ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सीएम केजरीवाल की तुलना झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कर दी, जिन्हें ईडी ने कथित भूमि घोटाला मामले में गिरफ्तार किया था। हरीश ने कहा कि सोरेन ने भी ऐसा ही किया था। जो अब केजरीवाल कर रहे हैं। खुराना के मुताबिक अगर जांच एजेंसी केजरीवाल के खिलाफ कोई कड़ा कदम उठाती है, तो वह प्रतिशोध की राजनीति करने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल को कई सवालों के जवाब देने होंगे। अगर समन अवैध है, तो वह अदालत का रुख क्यों नहीं कर रहे और इसे रद्द क्यों नहीं करा रहे हैं? उन्होंने कहा हेमंत सोरेन ने भी ऐसा ही किया था। वह समन से बचते रहे, फिर अदालत गए और जब वह सफल नहीं हुए, तो उन्हें ईडी के सामने पेश होना पड़ा। मैं केजरीवाल से कहना चाहता हूं।कि आप कितना भी बचिए। एक न एक दिन आपको ईडी के सामने पेश होना ही होगा। हरीश खुराना ने आगे कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को पहली बार 2 नवंबर को ईडी द्वारा तलब किया गया था। लेकिन उन्होंने सियासी साजिश का आरोप लगाते हुए इसे नजरअंदाज कर दिया था। वह ईडी के समक्ष पेश होने के बजाय एक राजनीतिक रैली को संबोधित करने के लिए मध्य प्रदेश के सिंगरौली चले गए। फिर जांच एजेंसी ने उन्हें 21 दिसंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था। उस समय केजरीवाल पंजाब के होशियारपुर जिले के एक केंद्र में 10 दिवसीय विपश्यना ध्यान पाठ्यक्रम के लिए चले गए थे। इस साल उन्हें दो बार बुलाया गया। एक बार 3 जनवरी को और फिर 18 जनवरी को। फिर भी वह ई़डी के समक्ष पेश नहीं हुए।
Newsdesk