बांग्लादेश में हालात गंभीर: शेख हसीना के इस्तीफे के बाद भी जारी हिंसा
Bangladesh: शेरपुर जिला जेल पर हमला कर 500 कैदियों को रिहा कर दिया, जिनमें कुछ खतरनाक आतंकी भी शामिल
सीटीटुडे | बांग्लादेश में हालात गंभीर बने हुए हैं। उम्मीद की जा रही थी कि प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे और देश छोड़ने के बाद प्रदर्शन शांत हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। मंगलवार का दिन अहम साबित हो सकता है क्योंकि प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों और सेना प्रमुख के बीच वार्ता होनी है। उम्मीद है कि इसके बाद हालात सामान्य हो जाएंगे।
शेरपुर जेल पर हमला: 500 कैदी फरार, चटगांव में पुलिस स्टेशनों पर तोड़फोड़
सोमवार को शेख हसीना ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और देश छोड़ दिया, लेकिन इसके बावजूद भी ढाका में रातभर गोलीबारी होती रही। इसके अलावा, भीड़ ने शेरपुर जिला जेल पर हमला कर 500 कैदियों को रिहा कर दिया, जिनमें कुछ खतरनाक आतंकी भी शामिल हैं। चटगांव में भी छह पुलिस स्टेशनों पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की गई, साथ ही हथियार भी लूट लिए गए।
अवामी लीग नेताओं पर हमले, जेसोर में आगजनी से 8 लोग जिंदा जले
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर भी हमले हो रहे हैं। ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, जेसोर में अवामी लीग समर्थक के होटल में आग लगा दी गई, जिसमें 8 लोग जिंदा जल गए।
भारत में सर्वदलीय बैठक: बांग्लादेश के हालात पर विदेश मंत्री की ब्रीफिंग
भारत भी बांग्लादेश के हालात पर नजर रख रहा है। संसद भवन में सर्वदलीय बैठक हो रही है, जिसमें विदेश मंत्री एस. जयशंकर सभी दलों को स्थिति की जानकारी दे रहे हैं। विदेश मंत्री आज संसद में भारत का रुख स्पष्ट कर सकते हैं। शेख हसीना फिलहाल हिंडन एयरबेस पर हैं और लंदन से राजनीतिक शरण मिलने का इंतजार कर रही हैं।
पूरे बांग्लादेश में सेना तैनात है और सेना प्रमुख ने साफ कर दिया है कि प्रदर्शनकारियों की सभी मांगें पूरी की जाएंगी और जल्द ही अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। उम्मीद है कि मंगलवार से जीवन पटरी पर लौट आएगा। कर्फ्यू हटा दिया गया है और स्कूल, कॉलेज, ऑफिस आज से खुल जाएंगे।
शेख हसीना ने हिंडन एयरबेस पर गुजारी रात, इंग्लैंड से राजनीतिक शरण का इंतजार
इस बीच, शेख हसीना ने अपनी बहन और बेटे के साथ हिंडन एयरबेस पर रात बिताई। माना जा रहा है कि उन्होंने इंग्लैंड से राजनीतिक शरण मांगी है और अनुमति मिलने पर वे इंग्लैंड रवाना हो जाएंगी|
Newsdesk