cloud burst:हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश, बादल फटने से बाढ़ जैसी स्थिति
cloud burstin:उत्तराखंड: टिहरी, रुद्रप्रयाग और भीमबली में बादल फटने से बाढ़, केदारनाथ में 200 तीर्थयात्री फंस
सीटीटुडे | हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हाल ही में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने स्थिति को बहुत गंभीर बना दिया है। इन घटनाओं के कारण दोनों राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है और व्यापक क्षति की सूचना मिल रही है।
हिमाचल प्रदेश में 50 लोग लापता और 3 लोगों की मौत हो चुकी
हिमाचल प्रदेश के रामपुर और उसके आसपास के इलाकों में बादल फटने से स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो गई है। खबरों के अनुसार, रामपुर में बादल फटने की घटना के बाद 50 लोग लापता हो गए हैं और 3 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव कार्यों में सेना और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहत कार्य तेजी से चल रहे हैं और केंद्र सरकार के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। पूरे हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शिमला, मंडी, कुल्लू और मणाला में भी भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं हुई हैं। कई घरों को नुकसान पहुंचा है और बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हुआ है।
उत्तराखंड की स्थिति भी बेहद ख़राब
उत्तराखंड में भी स्थिति बेहद खराब है। टिहरी, रुद्रप्रयाग और भीमबली में बादल फटने के बाद बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। खासकर केदारनाथ में फंसे 150-200 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थिति पर निगरानी रखते हुए राज्य भर में अलर्ट घोषित किया है। अगले 48 घंटे को बहुत खतरनाक बताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आपातकालीन सेवाओं के साथ-साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
दोनों राज्यों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश और बाढ़ के कारण काम में बाधाएं आ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और भारी बारिश की संभावना जताई है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और आपातकालीन सलाहों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
Newsdesk