दिल्ली एयरपोर्ट पर दिखी खास दोस्ती, पीएम मोदी ने खुद किया यूएई राष्ट्रपति का स्वागत

1 / 1

1.

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार शाम एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए स्वयं हवाई अड्डे जाकर उनका स्वागत किया, जो भारत-यूएई संबंधों की गहराई और आपसी विश्वास को दर्शाता है। शेख नाहयान और प्रधानमंत्री मोदी के बीच आज ही द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसके बाद यूएई राष्ट्रपति स्वदेश लौट जाएंगे। यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी के विशेष निमंत्रण पर हो रही है।

यूएई का राष्ट्रपति पद संभालने के बाद शेख नाहयान की यह भारत की तीसरी आधिकारिक यात्रा है, जबकि पिछले एक दशक में यह उनकी पांचवीं भारत यात्रा है। इससे पहले सितंबर 2024 में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद और अप्रैल 2025 में दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद भारत आ चुके हैं।

यह यात्रा पश्चिम एशिया में तेजी से बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच हो रही है। ईरान-अमेरिका तनाव, गाजा संकट और यमन को लेकर सऊदी अरब व यूएई के बीच बढ़ते मतभेदों के कारण क्षेत्र में अस्थिरता बनी हुई है। ऐसे में भारत को यूएई एक भरोसेमंद और स्थिर साझेदार के रूप में देख रहा है।

सूत्रों के अनुसार, वार्ता में व्यापार-निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा परियोजनाओं और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है। यह यात्रा भारत-यूएई रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।