राशन से रोजगार तक: सीएम योगी ने गिनाईं आत्मनिर्भरता की योजनाएं
1.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित इंदिरा प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं को आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव बताते हुए अयोध्या और सोनभद्र के प्रेरक उदाहरण साझा किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाएं केवल सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोगों को स्थायी रूप से आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भोजन की सुरक्षा के लिए राशन कार्ड, रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मिशन रोजगार, स्ट्रीट वेंडरों के लिए पीएम स्वनिधि और पारंपरिक कारीगरों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पीएम स्टार्टअप इंडिया और पीएम स्टैंडअप इंडिया योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, जबकि पीएम कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
सीएम योगी ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए बताया कि एक अनुसूचित जाति परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिला, जिससे बची पूंजी से परिवार ने ई-रिक्शा खरीदा। आज परिवार का बेटा रोजाना लगभग एक हजार रुपये कमा रहा है। वहीं सोनभद्र में एक महिला लाभार्थी ने आवास मिलने के बाद डेयरी व्यवसाय शुरू कर अतिरिक्त आय अर्जित की और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ शौचालय, बिजली, उज्ज्वला गैस और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं मिलकर संपूर्ण आत्मनिर्भरता सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार जताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जरूरतमंद को पक्की छत और हर युवा को रोजगार देना है।
news desk MPcg