MP में 5वीं-8वीं का रिजल्ट घोषित, 95% से ज्यादा छात्र पास
भोपाल: भोपाल में मध्य प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष का परिणाम पिछले साल की तुलना में बेहतर रहा है, जिसमें कुल पास प्रतिशत में लगभग 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 5वीं में 95.14% और कक्षा 8वीं में 93.83% विद्यार्थी सफल हुए हैं। खास बात यह रही कि दोनों कक्षाओं में छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। कक्षा 5वीं में छात्राओं का पास प्रतिशत 96.19% रहा, जबकि छात्रों का 94.15%। वहीं कक्षा 8वीं में छात्राएं 94.98% और छात्र 92.74% उत्तीर्ण हुए।
इस वर्ष करीब 23.68 लाख विद्यार्थियों ने बोर्ड पैटर्न पर परीक्षा दी थी, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों की भागीदारी शहरी क्षेत्रों से अधिक रही। परीक्षा फरवरी में आयोजित की गई थी और 322 मूल्यांकन केंद्रों पर 1.10 लाख से अधिक शिक्षकों ने कॉपियों की जांच की।
छात्र अपना रिजल्ट आधिकारिक पोर्टल rskmp.in पर रोल नंबर और समग्र आईडी दर्ज कर देख सकते हैं। इसके अलावा QR कोड स्कैन कर भी परिणाम देखने की सुविधा दी गई है। भारी ट्रैफिक के चलते छात्रों को थोड़ा धैर्य रखने की सलाह दी गई है।
शिक्षा मंत्री ने असफल छात्रों को निराश न होने की अपील करते हुए कहा कि उनके लिए जल्द ही सप्लीमेंट्री परीक्षा और विशेष कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि उनका शैक्षणिक वर्ष प्रभावित न हो।
news desk MPcg