मध्य प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट, ओले और कोहरे से बढ़ी परेशानी
1.
भोपाल: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मावठे की बारिश, आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को ग्वालियर से लेकर विंध्य क्षेत्र तक 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और ठंड का असर महसूस किया गया।
रविवार को भी मौसम ने जमकर रंग दिखाया। नीमच और मंदसौर में तेज आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे कई गांवों में सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई। वहीं ग्वालियर, धार, मुरैना और उज्जैन सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सोमवार सुबह अशोकनगर, आगर-मालवा और टीकमगढ़ में भी बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 फरवरी को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और सिंगरौली सहित कई जिलों में बारिश हो सकती है। 4 फरवरी को भी कुछ इलाकों में बारिश के आसार बने रहेंगे, जबकि 5 फरवरी से मौसम साफ होने और ठंड बढ़ने की संभावना है।
बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की फसलें आड़ी हो गई हैं, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है। कई जिलों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक रही, हालांकि न्यूनतम तापमान अभी 10 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।
news desk MPcg