भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा

भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र की मौत, परिजनों का हंगामा
भोपाल की सेंट्रल जेल में करीब दो महीने से बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात हमीदिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी से नाराज परिजनों ने मॉर्चुरी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने जेल प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

जेल में इलाज नहीं मिलने का आरोप

हर्षित के चाचा भरत सिंह राजपूत का आरोप है कि जेल में रहने के दौरान उसकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी। कुछ दिन पहले जब वे उससे मिलने पहुंचे, तो वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। चाचा के मुताबिक, हर्षित ने बताया था कि जेल के डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांगते थे। अस्पताल पहुंचने पर भी उसकी परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया जाता था।

परिवार ने कई बार दिया था आवेदन

हर्षित ईश्वर नगर का रहने वाला था और बीकॉम सेकंड ईयर का छात्र था। सितंबर में शाहपुरा थाना पुलिस ने मारपीट के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार आवेदन देकर उसकी बिगड़ती तबीयत के बारे में जेल प्रशासन को बताया और अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।

परिवार के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि हर्षित निमोनिया से पीड़ित था। हालत गंभीर होने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि वेंटिलेटर पर होने के बावजूद उसके पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं।

पोस्टमॉर्टम में देरी पर प्रदर्शन की चेतावनी

शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम में देरी होने पर परिजनों ने मॉर्चुरी परिसर में हंगामा किया। उनका आरोप है कि जेल प्रशासन मामले की जिम्मेदारी से बचने के लिए प्रक्रिया में देरी कर रहा है। राजपूत समाज ने चेतावनी दी है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शव रखकर प्रदर्शन किया जाएगा।

कस्टोडियल डेथ की होगी न्यायिक जांच

हर्षित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और बहन हैं। उसके पिता गोदाम में काम करते हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, न्यायिक हिरासत के दौरान मौत होने के कारण यह कस्टोडियल डेथ का मामला है और इसकी न्यायिक जांच कराई जाएगी।