बिलासपुर में धान खरीदी केंद्र पर आगजनी, 11 बंडल बारदाने जले
सुबह लगी आग की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4 बजे केंद्र का लिपिक मौके पर पहुंचा। इस दौरान उसे बारदानों के ढेर में आग लगने का पता चला। केंद्र में कुल 30 बंडल नए बारदाने रखे हुए थे, जिनमें से 11 बंडल पूरी तरह जल गए।
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बारदानों में मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई गई। हालांकि, आगजनी के पीछे किसका हाथ है और घटना किस वजह से हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
चौकीदार और सीसीटीवी पर सवाल
घटना के बाद धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। केंद्र में चौकीदार की तैनाती होने के बावजूद आगजनी के समय उसके मौजूद रहने की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, परिसर में लगा एकमात्र सीसीटीवी कैमरा भी बारदानों के ढेर को कवर नहीं कर रहा था।
कैमरा घटना के समय चालू था या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है। ऐसे में घटना के संबंध में अहम सुराग जुटाना जांच टीम के लिए चुनौती हो सकता है।
थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
समिति पदाधिकारियों ने आगजनी की घटना को सुनियोजित साजिश होने की आशंका जताई है। सहकारिता सीईओ गोधली वर्मा ने मामले की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है।
वहीं, समिति प्रबंधक कुंदन कुमार के अनुसार, घटना की रिपोर्ट पचपेड़ी थाने में दर्ज कराई गई है। अब जांच के बाद ही आगजनी के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
धान खरीदी के शुरुआती दिनों में हुई इस घटना ने उपार्जन केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी संसाधनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
news desk MPcg