संकट में स्पाइसजेट, सिर्फ 13 विमान बचे
देश की प्रमुख एयरलाइंस में शामिल रही स्पाइसजेट इन दिनों गंभीर आर्थिक और परिचालन संकट से जूझ रही है। लगातार उड़ानें रद्द होने, देरी और यात्रियों की शिकायतों के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयरलाइन को नोटिस जारी किया है। 17 नवंबर को जारी नोटिस में कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
सिर्फ 13 विमान बचे, 10 से भी कम उड़ान के लिए तैयार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कभी देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन रही स्पाइसजेट के बेड़े में अब केवल 13 विमान बचे हैं। इनमें से भी 10 से कम विमान उड़ान भरने की स्थिति में बताए जा रहे हैं। लीज पर विमान देने वाली कंपनियों को भुगतान नहीं कर पाने के कारण कई विमान हटाए गए या ग्राउंडेड हैं।
DGCA ने सात मुद्दों पर उठाए सवाल
नियामक ने छोटे और दूरदराज के शहरों के लिए निर्धारित उड़ानें संचालित नहीं करने, यात्रियों को पर्याप्त सहायता नहीं देने, पुराने जुर्माने का भुगतान लंबित रहने और अनिवार्य बीमा कवर के नवीनीकरण जैसे मामलों पर जवाब मांगा है। इसके अलावा विदेशी विमानन एजेंसियों की शिकायतों, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की पात्रता और समय पर उड़ान संचालन के खराब रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल किए गए हैं।
समय पर उड़ान भरने का रिकॉर्ड बेहद खराब
आंकड़ों के मुताबिक, 19 नवंबर को स्पाइसजेट की समय पर उड़ान भरने की दर (OTP) केवल 25% रही। वहीं, सितंबर में कंपनी की 20% से अधिक निर्धारित उड़ानें रद्द हुई थीं और सिर्फ 16.6% उड़ानें समय पर रवाना हो सकीं। देरी और कैंसिलेशन के कारण हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बाजार हिस्सेदारी में भारी गिरावट, फंड जुटाने की तैयारी
स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी फरवरी में 3.9% थी, जो अगस्त में 1.2% और सितंबर में घटकर 0.6% रह गई। कंपनी का शेयर भी करीब 5% गिरकर 9.74 रुपये पर पहुंच गया। आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कंपनी के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। वहीं, दुबई की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी DNATA का भी स्पाइसजेट पर करीब 35.8 करोड़ रुपये बकाया बताया गया है।
news desk MPcg