गोरखपुर में अखिलेश यादव का 20 KM रोड शो, रथ पर चढ़कर किया अभिवादन
अखिलेश यादव के स्वागत के लिए एयरपोर्ट के बाहर एक हजार से ज्यादा समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पहुंचे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे निजी विमान से गोरखपुर पहुंचने पर उनका ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान छह बटुकों ने मंत्रोच्चारण भी किया।
'टीपू इज बैक' के पोस्टर
रोड शो के दौरान समर्थक 'टीपू इज बैक' के पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे। रथ के आगे और पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चलते दिखाई दिए। इस दौरान DJ पर 'यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है' और '2027 में अखिलेश आ रहे हैं' जैसे गाने भी बजाए गए।
जनसभा स्थल पर कुछ समर्थक 'बाबा मुख्यमंत्री से मकान-दुकान बचाना है' लिखे पोस्टर लेकर भी पहुंचे। इन पोस्टरों के जरिए प्रदेश की मौजूदा सरकार को लेकर राजनीतिक संदेश दिया गया।
तीन विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगा रोड शो
अखिलेश यादव का यह रोड शो गोरखपुर शहर, गोरखपुर ग्रामीण और चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजर रहा है। करीब 20 किलोमीटर लंबे इस कार्यक्रम के दौरान अलग-अलग स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
रोड शो के बाद अखिलेश यादव चौरी-चौरा में आयोजित रैली में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह बिन्नू की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा का हिस्सा है।
कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
गोरखपुर दौरे के दौरान अखिलेश यादव शहीद बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके अलावा वे दिवंगत पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी के आवास 'तिवारी का हाता' भी जाएंगे।
गौरतलब है कि गोरखपुर को उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां कुल 9 विधानसभा सीटें हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।
2027 चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। अखिलेश यादव का गोरखपुर दौरा और 20 किलोमीटर का रोड शो इसी राजनीतिक माहौल के बीच अहम माना जा रहा है। रोड शो में उमड़ी भीड़, पार्टी के पोस्टर और चुनावी नारों के जरिए समाजवादी पार्टी ने अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाई।
अब इस दौरे के बाद गोरखपुर की राजनीति में आगे क्या गतिविधियां होती हैं, इस पर नजर रहेगी।
news desk MPcg