होटल सॉलिटेयर में सब्जियों के नीचे मिला फूड वेस्ट चैंबर:उज्जैन में बटर की जगह इस्तेमाल कर रहे थे

होटल सॉलिटेयर में सब्जियों के नीचे मिला फूड वेस्ट चैंबर:उज्जैन में बटर की जगह इस्तेमाल कर रहे थे

उज्जैन के होटल में खाद्य विभाग को मिलीं अनियमितताएं

उज्जैन में दिवाली से पहले खाद्य विभाग ने होटल और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच तेज कर दी है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे विभाग की टीम ने होटल सॉलिटेयर स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान किचन में कई अनियमितताएं सामने आईं। सब्जियां रखने वाले स्टोर रूम के नीचे फूड वेस्ट चैंबर मिला, जहां से दुर्गंध आ रही थी। इसके अलावा रोटी और चपाती पर बटर की जगह वेजिटेबल फैट स्प्रेड का इस्तेमाल किया जा रहा था।

सब्जियों के स्टोर के नीचे मिला फूड वेस्ट चैंबर

निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को स्टोर रूम में आलू, प्याज और दूसरी सब्जियां रखी मिलीं। इसी स्टोर रूम के ठीक नीचे फूड वेस्ट चैंबर बना हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, चैंबर से दुर्गंध आ रही थी। टीम ने इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

जांच में किचन की साफ-सफाई में भी कमी मिली। खाद्य पदार्थों को रखने और स्टोर करने के तरीके पर भी सवाल उठे। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं को खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना।

बटर की जगह इस्तेमाल हो रहा था वेजिटेबल फैट

खाद्य विभाग की टीम को पता चला कि रोटी और चपाती पर बटर के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड यानी न्यूट्रलाइट का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस उत्पाद में वेजिटेबल ऑयल और बटर फ्लेवर होता है। टीम ने इस संबंध में भी जांच की।

डीप फ्रीजर में रखी दाल-चावल कराए नष्ट

निरीक्षण के दौरान डीप फ्रीजर में रखी दाल और चावल के बारे में रेस्टोरेंट संचालक संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। खाद्य अधिकारियों को इनके पुराने होने की आशंका थी। इसके बाद टीम ने मौके पर ही दाल और चावल को नष्ट करा दिया।

तेल, बटर और पनीर के सैंपल लिए

किचन में आलू बड़े तलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तेल की गुणवत्ता पर भी संदेह जताया गया। खाद्य विभाग की टीम ने बटर, तेल और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू

खाद्य विभाग के खाद्य अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि टीम ने सोमवार सुबह करीब 11 बजे औचक निरीक्षण किया था। जांच में कई अनियमितताएं मिली हैं। नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है और रेस्टोरेंट का खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की जा रही है।

खाद्य विभाग ने दिवाली तक होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में जांच अभियान जारी रखने की बात कही है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।