केदारनाथ में भैरवनाथ मंदिर के कपाट बंद
भैरवनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 11 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट
केदारनाथ धाम के क्षेत्रपाल माने जाने वाले भगवान भूकुंट भैरवनाथ के कपाट शनिवार को शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 2:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट बंद हुए। इसके साथ ही केदारनाथ धाम में अब भगवान भैरवनाथ की सायंकालीन आरती भी नहीं होगी। वहीं, बाबा केदारनाथ के कपाट 11 नवंबर को बंद किए जाएंगे।
पूजा-अर्चना और हवन के बाद बंद हुए कपाट
कपाट बंद होने से पहले श्री केदारनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की गई और भगवान को भोग लगाया गया। इसके बाद श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी, श्री केदार सभा और पंच पंडा समिति के सदस्य भैरवनाथ मंदिर पहुंचे। पुजारी टी गंगाधर लिंग, धर्माधिकारी ओंकार शुक्ला और तीर्थ पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।
भगवान भैरवनाथ को स्थानीय पकवानों और रोट का भोग लगाया गया। इसके बाद हवन-यज्ञ किया गया और दोपहर 2:15 बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।
शीतकाल में केदारपुरी की रक्षा करते हैं भैरवनाथ
धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान भूकुंट भैरवनाथ केदारपुरी के क्षेत्रपाल और रक्षक हैं। मान्यता है कि सर्दियों में जब केदारनाथ धाम बर्फ से ढक जाता है और श्रद्धालुओं की आवाजाही बंद हो जाती है, तब भगवान भैरवनाथ पूरे क्षेत्र की रक्षा करते हैं। इसी वजह से केदारनाथ यात्रा में भैरवनाथ मंदिर का विशेष धार्मिक महत्व है।
11 नवंबर को बंद होंगे बाबा केदार के कपाट
भैरवनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद अब मुख्य केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 11 नवंबर को विधि-विधान के साथ बाबा केदार के कपाट शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां अगले छह महीने तक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन और शीतकालीन पूजा कर सकेंगे।
कपाट बंद होने के दौरान मौजूद रहे ये लोग
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, बीकेटीसी सदस्य विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पंच पंडा समिति अध्यक्ष अनीत शुक्ला, विनोद शुक्ला, संतोष त्रिवेदी, भैरवनाथ पश्वा अरविंद शुक्ला, विपिन जमलोकी, अंकित सेमवाल, नवीन शुक्ला और हिमांशु शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
news desk MPcg