हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 5 निलंबित विधायकों को नहीं बुलाया,
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 5 निलंबित विधायकों को नहीं बुलाया, विधानसभा सत्र की बनेगी रणनीति
दिल्ली के हरियाणा भवन में दोपहर 2:30 बजे होगी बैठक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में भाजपा को घेरने पर मंथन; आफताब अहमद बोले- उन्हें क्यों बुलाएं
हरियाणा कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज 12 नवंबर को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में बुलाई गई है।
दोपहर 2:30 बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी के विधायक शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। इसमें 26 नवंबर को होने वाले एक दिवसीय विशेष विधानसभा सत्र को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश के राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
पांच निलंबित विधायकों को नहीं मिला न्योता
इस बैठक में कांग्रेस के उन पांच विधायकों को शामिल नहीं किया गया है, जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद पार्टी ने निलंबित किया था। पिछली बैठक की तरह इस बार भी इन विधायकों को आमंत्रित नहीं किया गया है। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता और विधायक आफताब अहमद ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पांचों निलंबित विधायकों को बैठक में नहीं बुलाया गया है। उन्होंने सवाल के जवाब में कहा, 'उन्हें क्यों बुलाएं।'
हुड्डा की अध्यक्षता में बनेगी रणनीति
बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। पार्टी विधायक आगामी विधानसभा सत्र में सरकार को घेरने के लिए मुद्दों और सदन में उठाए जाने वाले सवालों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि विधानसभा में विपक्ष की भूमिका को प्रभावी तरीके से रखा जाए।
इन पांच विधायकों पर रहेगी नजर
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोपों के बाद कांग्रेस ने पांच विधायकों को निलंबित किया था। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढौरा से रेणु बाला, पुनहाना से मोहम्मद इलियास, हथीन से मोहम्मद इजराइल और रतिया से जरनैल सिंह शामिल हैं।
पिछले विधानसभा सत्र के दौरान इन विधायकों की भूमिका को लेकर भी राजनीतिक चर्चा हुई थी।
आरोप है कि सदन में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के विरोध के दौरान इन विधायकों ने पार्टी की रणनीति के मुताबिक सक्रिय भागीदारी नहीं की। उन्होंने पार्टी व्हिप का औपचारिक पालन तो किया, लेकिन सरकार के विरोध में खुलकर हिस्सा नहीं लिया। आगामी सत्र में इन विधायकों का रुख क्या रहेगा, इस पर राजनीतिक नजर बनी हुई है।
26 नवंबर को होगा हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र
हरियाणा सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 3 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब कांग्रेस इस सत्र को लेकर अपनी रणनीति तैयार कर रही है। माना जा रहा है कि बैठक में संविधान दिवस, सरकार के फैसलों और प्रदेश से जुड़े अन्य मुद्दों पर विपक्ष की भूमिका तय की जाएगी।
news desk MPcg