इंदौर में RSS की तीन दिनी बैठक,डॉ. मोहन भागवत शामिल:408 पदाधिकारी संगठन
इंदौर में RSS की तीन दिवसीय बैठक शुरू
डॉ. मोहन भागवत और दत्तात्रेय होसबाले समेत 408 पदाधिकारी शामिल; शाखा विस्तार, सामाजिक अभियानों और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की होगी समीक्षा
इंदौर के डेली कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हो गई।
बैठक में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले और सभी छह सह सरकार्यवाह सहित देशभर से करीब 408 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए हैं। 4 नवंबर तक चलने वाली इस बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हुए कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही संगठन के विस्तार, सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के पदाधिकारी पहुंचे
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, बैठक में संघ के 11 क्षेत्र और 46 प्रांतों से संघचालक, सह संघचालक, कार्यवाह, सह कार्यवाह, प्रचारक और सह प्रचारक शामिल हुए हैं। बैठक में अलग-अलग क्षेत्रों में हुए कार्यों और उनके परिणामों पर चर्चा की जाएगी। अंतिम दिन विभिन्न विषयों से जुड़े आंकड़े और विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
देशभर में 1.01 लाख से अधिक दैनिक शाखाएं
संघ के अनुसार, देशभर में उसकी दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1 लाख 1 हजार 151 हो गई है। वहीं, साप्ताहिक और मासिक मिलन को मिलाकर संगठन की गतिविधियां 1 लाख 10 हजार 849 स्थानों तक पहुंच गई हैं। पिछले साल अक्टूबर की तुलना में शताब्दी वर्ष के दौरान 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं जुड़ी हैं।
बैठक में शाखाओं के विस्तार और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों की समीक्षा होगी। इसके अलावा साप्ताहिक और मासिक मिलन की गतिविधियों को मजबूत करने के तरीकों पर भी विचार किया जाएगा।
65 हजार से अधिक हिंदू सम्मेलनों की समीक्षा
शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65 हजार 660 हिंदू सम्मेलनों का आयोजन किया गया। सुनील आंबेकर के मुताबिक, शहरों में बस्ती स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में आठ से दस गांवों को मिलाकर बनाए गए मंडल स्तर पर ये सम्मेलन आयोजित हुए। कुछ स्थानों पर दो-तीन मंडलों को मिलाकर भी कार्यक्रम किए गए।
बैठक में इन सम्मेलनों से मिले अनुभवों, सामाजिक सहभागिता और लोगों की प्रतिक्रिया पर चर्चा होगी। संघ के अनुसार, इन आयोजनों के दौरान कई लोगों ने शाखाओं से जुड़ने की इच्छा जताई। सामाजिक संस्थाओं और संगठनों ने भी स्वयंसेवकों के अनुभवों का सहयोग लेने में रुचि दिखाई।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा
बैठक में महिलाओं और युवाओं को संगठन की गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की भी समीक्षा होगी। शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में महिलाओं की भागीदारी को देखते हुए उनकी सहभागिता बढ़ाने के लिए नए कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा।
युवाओं को जोड़ने के लिए शहरों, गांवों और कॉलेज परिसरों में आयोजित कार्यक्रमों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों और अन्य युवाओं की भागीदारी के आधार पर आगे की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान पर मंथन
बैठक के एजेंडे में युवाओं के बीच नशीली दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल का विषय भी शामिल है। सुनील आंबेकर ने बताया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सामाजिक और पारिवारिक स्तर पर प्रयास जरूरी हैं। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और सामाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम करने पर चर्चा होगी।
पिछली समन्वय बैठक में संघ से प्रेरित विभिन्न संगठनों ने भी अपने क्षेत्रों में नशे के खिलाफ अभियान शुरू करने की जानकारी दी थी। इस बार इन प्रयासों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार किया जाएगा।
पंच परिवर्तन के पांच विषयों पर बनेगी कार्ययोजना
संघ ने शताब्दी वर्ष के दौरान समाज के सामने पंच परिवर्तन के पांच विषय रखे हैं। इनमें सामाजिक समरसता, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन, स्व का भाव और नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।
इन विषयों को समाज तक पहुंचाने के लिए गृह संपर्क अभियान, सम्मेलन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। बैठक में इन अभियानों के अनुभवों की समीक्षा कर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में हुए कार्यों की जानकारी भी देंगे।
तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर भी जारी होंगे वक्तव्य
बैठक में सरसंघचालक के विजयादशमी उद्बोधन में उठाए गए समसामयिक विषयों पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा तीन ऐतिहासिक व्यक्तित्वों से जुड़े विशेष वक्तव्य जारी किए जाएंगे। इनमें राजनारायण बोस की 200वीं जयंती, स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के 100 वर्ष पूरे होने और स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी से जुड़े विषय शामिल हैं।
विदेश प्रवास के अनुभव साझा करेंगे डॉ. भागवत
बैठक में डॉ. मोहन भागवत के अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम के प्रवास के अनुभवों पर भी चर्चा होगी। वे अगस्त और सितंबर में शताब्दी वर्ष के संदर्भ में इन देशों की यात्रा पर गए थे। इस दौरान उन्होंने वहां के प्रमुख लोगों से संवाद किया और विभिन्न सम्मेलनों में अपने विचार रखे।
आंदोलन देशहित में होने चाहिए: सुनील आंबेकर
जेन-जी के आंदोलनों से जुड़े सवाल पर सुनील आंबेकर ने कहा कि देश में किसी भी आवाज को केवल पक्ष-विपक्ष के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को ध्यान रखना चाहिए कि आंदोलन देशहित में हों। संघ भी इस विषय पर सतर्कता बरतता है और आगे भी रखेगा।
news desk MPcg