PM मोदी ने पहले SCO फोरम का किया उद्घाटन, पाकिस्तानी मंत्री भी पहुंचे
PM मोदी ने पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया: पाकिस्तान के मंत्री भी पहुंचे, 25 देशों को भेजा गया था न्योता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया। 20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में SCO सदस्य देशों सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि, राजनयिक, शिक्षाविद और सांस्कृतिक विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस मंच का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच साझा ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति और सभ्यतागत संबंधों को सामने लाना है। इस आयोजन में पाकिस्तान के एक संघीय मंत्री की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत की झलक
फोरम के उद्घाटन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुराना किला में भारत की ऐतिहासिक और सभ्यतागत विरासत पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय इतिहास, कला, स्थापत्य और साहित्यिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन के दौरान सभ्यतागत संवाद के लिए एक विशेष मंच बनाने का प्रस्ताव दिया था। इसी पहल के तहत पहली बार इस फोरम का आयोजन किया जा रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री
इस आयोजन की सबसे चर्चित बात पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत पहुंचा है। इससे पहले मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी गोवा में आयोजित SCO विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने भारत आए थे।
भारत ने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत एवं संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को निमंत्रण भेजा था, लेकिन पाकिस्तान ने अपनी ओर से मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया। वह शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे और पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उनका प्रतिनिधिमंडल फोरम के विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेने के साथ दूसरे देशों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत करेगा। हालांकि, इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और पाकिस्तानी मंत्री के बीच किसी द्विपक्षीय मुलाकात की पुष्टि नहीं हुई है।
चीन, ईरान समेत कई देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक, भारत ने इस आयोजन के लिए 25 देशों को आमंत्रित किया है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, किर्गिज रिपब्लिक, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, बेलारूस, अजरबैजान, आर्मेनिया, बहरीन, नेपाल, सऊदी अरब, कंबोडिया, तुर्किये और श्रीलंका सहित अन्य देश शामिल हैं। आयोजन में SCO सदस्य देशों के साथ पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों की भागीदारी भी रखी गई है।
शेखावत ने कहा था कि भारत चाहता है कि SCO का दायरा केवल राजनीति, सुरक्षा और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे, बल्कि साझा सभ्यता, संस्कृति और मानवीय मूल्यों पर भी बातचीत हो। इसके जरिए देशों के बीच आपसी समझ और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
3,000 साल पुराने इतिहास को दिखाएगी 'अस्तित्व' प्रदर्शनी
फोरम के दौरान पुराना किला में 'अस्तित्व- द एसेंस ऑफ आवर एग्जिस्टेंस' नाम से विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें करीब 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास को पुरातात्विक अवशेषों, कलाकृतियों और स्थापत्य के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। पुरातत्व विभाग के अनुसार, पुराना किला क्षेत्र में करीब 3,000 वर्षों तक लगातार आबादी रहने के प्रमाण मिले हैं।
प्रदर्शनी में मौर्यकाल की टेराकोटा मूर्तियां, राजपूत काल की वैकुंठ विष्णु प्रतिमा, गजलक्ष्मी और गणेश की आकृतियां, प्राचीन सिक्के, मनके, आभूषण और पेंटेड ग्रे वेयर संस्कृति से जुड़े बर्तन प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इसके अलावा 'अनंत: ए रेयर 18th सेंचुरी महाभारत स्क्रॉल' नाम से विशेष पवेलियन भी बनाया गया है, जहां 18वीं सदी की दुर्लभ चित्रित महाभारत स्क्रॉल दिखाई जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुराना किला 18 से 22 नवंबर तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है।
news desk MPcg