वर्दी में जवान ने मंत्री के छुए पैर, भूपेश ने जताई आपत्ति

वर्दी में जवान ने मंत्री के छुए पैर, भूपेश ने जताई आपत्ति

छत्तीसगढ़ में वर्दीधारी जवान ने मंत्री के छुए पैर, भूपेश बघेल ने जताई आपत्ति

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस की वर्दी पहने एक कॉन्स्टेबल का स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के पैर छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना दीपावली के दौरान की है, जब मंत्री ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उपहार बांटने पहुंचे थे। इस दौरान एक जवान ने मंत्री के पैर छू लिए।

भूपेश बघेल ने मंत्री और जवान पर कार्रवाई की मांग की

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वर्दी में किसी मंत्री के पैर छूना उचित नहीं है। उन्होंने मंत्री गजेंद्र यादव को मंत्रिमंडल से हटाने और संबंधित जवान को बर्खास्त करने की मांग की। भूपेश ने कहा कि पुलिस की अपनी अलग पहचान और गरिमा होती है।

पूर्व IPS आरके विज ने भी जताई नाराजगी

छत्तीसगढ़ के पूर्व विशेष पुलिस महानिदेशक आरके विज ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्दीधारी अधिकारियों को सार्वजनिक स्थान पर किसी के भी पैर नहीं छूने चाहिए।

89 जवानों से मिलने पहुंचे थे मंत्री

मंत्री गजेंद्र यादव के मुताबिक, दीपावली के दौरान वे ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात करीब 89 पुलिस जवानों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सभी से हाथ मिलाया और उपहार दिए। इसी बीच एक जवान ने उनके पैर छू लिए।

मंत्री बोले- जवान को पैर छूने से रोका था

गजेंद्र यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने जवान को पैर छूने से मना किया था और अपना पैर पीछे भी खींचा था। मंत्री के अनुसार, जवान ने बताया कि वह उनके गांव का रहने वाला है और उनके भाई के साथ काम कर चुका है। भूपेश बघेल की मांग पर मंत्री ने कहा कि यह उनकी सोच है।