हिसार में 5 एकड़ की दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

हिसार में 5 एकड़ की दो अवैध कॉलोनियां ध्वस्त

हिसार में दो अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर

हरियाणा के हिसार जिले के अग्रोहा क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (DTP) विभाग ने कार्रवाई की। पुलिस बल की मौजूदगी में विभागीय टीम ने करीब पांच एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान इंटरलॉकिंग सड़कें, रास्ते और चारदीवारी भी हटाई गई।

दो सड़कों पर हुई कार्रवाई

विभाग की टीम ने अग्रोहा-बरवाला रोड पर करीब दो एकड़ और अग्रोहा-आदमपुर रोड पर लगभग तीन एकड़ भूमि में विकसित की जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई की। पहली कॉलोनी में बनाए गए कच्चे-पक्के निर्माण और रास्तों को हटाया गया, जबकि दूसरी कॉलोनी में प्लॉटिंग के लिए बिछाया गया इंटरलॉकिंग सड़क नेटवर्क और चारदीवारी उखाड़ दी गई।

बिना CLU के हो रही थी प्लॉटिंग

जिला नगर योजनाकार विभाग के अनुसार, कृषि भूमि पर जरूरी सरकारी अनुमति और चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) के बिना प्लॉटिंग की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान गुजवि, हिसार के कार्यकारी अभियंता सुनील ग्रोवर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। डीटीपी दिनेश कुमार के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता हरिमोहन सहित विभागीय टीम ने कार्रवाई की।

अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील

डीटीपी दिनेश कुमार ने कहा कि जिले में बिना लाइसेंस कॉलोनियां विकसित करने और अवैध निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी अवैध कॉलोनियों में निवेश न करें। किसी भी प्लॉट की खरीदारी से पहले डीटीपी कार्यालय से संबंधित कॉलोनी की वैधता की जांच जरूर कर लें।