मनरेगा मजदूरी विवाद में दो पक्षों में मारपीट
बिलासपुर में मनरेगा मजदूरी को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; पुलिस ने दर्ज किया काउंटर केस
बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम सरसेनी में मनरेगा मजदूरी के भुगतान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं।
सरपंच पति से गाली-गलौज का विरोध करने पर विवाद
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 8 बजे राजकुमार सोल्डे अपने चाचा और गांव के सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर के पास खड़े थे। इसी दौरान पड़ोसी ललित सोल्डे और उसके परिवार के लोग नारायण से गाली-गलौज करने लगे। राजकुमार ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
लाठी से हमले में तीन लोग घायल
आरोप है कि ललित और उसके साथ मौजूद लोगों ने राजकुमार के सिर पर लाठी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामायण और नारायण सोल्डे के साथ भी मारपीट की गई। इस घटना में तीनों घायल हो गए।
दूसरे पक्ष ने मजदूरी मांगने पर मारपीट का लगाया आरोप
दूसरी ओर, तितरी बाई सोल्डे ने शिकायत में बताया कि उसका पति ललित सोल्डे मनरेगा के तहत चार सप्ताह की मजदूरी मांगने सरपंच पति के घर के पास पहुंचा था। इसी बात पर नारायण, रामायण और राजकुमार ने उसके साथ मारपीट की। तितरी बाई के अनुसार, पति को बचाने पहुंचे उसके बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ भी मारपीट की गई। इस पक्ष के तीन लोग भी घायल हुए हैं।
दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज
राजकुमार की शिकायत पर पुलिस ने ललित, आर्यन और तितरी बाई के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं, तितरी बाई की शिकायत पर नारायण, रामायण और राजकुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
news desk MPcg