ट्विशा केस: मौत के अगले दिन सास ने जुटाए CCTV फुटेज

ट्विशा केस: मौत के अगले दिन सास ने जुटाए CCTV फुटेज

ट्विशा केस: मौत के अगले दिन सास ने जुटाए CCTV फुटेज

CBI ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाब में किया दावा; रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और बेटे समर्थ पर गवाहों को प्रभावित करने की आशंका

भोपाल की मॉडल-एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल काउंटर एफिडेविट में कई अहम जानकारियां दी हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, ट्विशा की मौत के अगले ही दिन उनकी आरोपी सास गिरिबाला सिंह ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज हासिल करने की कोशिश की थी। उन्होंने एक ब्यूटी पार्लर से भी ट्विशा की आवाजाही के फुटेज जुटाए थे। सीबीआई ने आशंका जताई है कि गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह अपने प्रभाव के चलते भोपाल में चल रहे ट्रायल को प्रभावित कर सकते हैं और गवाहों पर दबाव डाल सकते हैं।

13 मई को CCTV फुटेज हासिल करने की कोशिश

सीबीआई के 29 अक्टूबर 2026 को दाखिल काउंटर एफिडेविट के अनुसार, 13 मई को गिरिबाला सिंह ने एक सीसीटीवी तकनीशियन को फोन कर घटना के समय की फुटेज की कॉपी हासिल की थी। इसी दिन उन्होंने एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर की संचालिका से ट्विशा के 12 मई को वहां आने-जाने की जानकारी मांगी थी।

एजेंसी का दावा है कि इसके बाद कुछ लोगों को पार्लर भेजकर वहां के सीसीटीवी फुटेज भी हासिल किए गए। सीबीआई ने इन गतिविधियों को मामले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है।

रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं आरोपी सास

काउंटर एफिडेविट में बताया गया है कि गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायाधीश हैं। घटना के समय वे भोपाल जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की अध्यक्ष थीं। उनके बेटे समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं।

सीबीआई ने दोनों की सामाजिक और पेशेवर स्थिति का उल्लेख करते हुए आशंका जताई है कि उनके प्रभाव का इस्तेमाल मुकदमे की सुनवाई और गवाहों को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।

17 अगस्त को दाखिल की गई थी चार्जशीट

सीबीआई ने 17 अगस्त 2026 को गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 108 और 3(5) के तहत चार्जशीट दाखिल की थी। एजेंसी के मुताबिक, दहेज मृत्यु और मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है। फिलहाल भोपाल की अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया चल रही है।

भोपाल से दिल्ली ट्रायल स्थानांतरित करने की मांग

ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर भोपाल में चल रहे सेशन ट्रायल को दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की है। इसी याचिका पर सीबीआई ने अपना जवाब दाखिल किया है।

एजेंसी ने अपने जवाब में कहा है कि आरोपियों के प्रभाव के कारण भोपाल में गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका है। इसी आधार पर ट्रायल के स्थान को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है।

12 मई को ससुराल में मृत मिली थीं ट्विशा

ट्विशा शर्मा की 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उनकी शादी 25 दिसंबर 2025 को समर्थ सिंह से हुई थी। ससुराल पक्ष ने घटना को आत्महत्या बताया था, जबकि मायके पक्ष ने हत्या और प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।

दिल्ली AIIMS में दोबारा हुआ था पोस्टमॉर्टम

पहली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल उठने के बाद हाईकोर्ट ने दिल्ली एम्स से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 24 मई को दिल्ली एम्स के मेडिकल बोर्ड ने ट्विशा का दोबारा पोस्टमॉर्टम किया था। इस मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई की जांच जारी है।