मुरैना में 10 दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव
मुरैना में 10 दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में रविवार को एक कुएं में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजू रजक, पिता पप्पू रजक के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 दिनों से लापता था। ग्रामीणों ने बरवाला कुएं में शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।
10 दिन से लापता था राजू, परिजनों ने नहीं कराई थी गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, राजू पिछले करीब 10 दिनों से घर से लापता था। इस दौरान परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज नहीं कराई थी। रविवार को बरवाला कुएं में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद मृतक की पहचान राजू रजक के रूप में हुई।
कुएं तक कैसे पहुंचा युवक, जांच कर रही पुलिस
युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह कुएं तक कैसे पहुंचा, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के पिछले 10 दिनों से लापता रहने और उसकी मौत से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
news desk MPcg