कल से शुरू होगा छठ महापर्व, घाटों और बाजारों में बढ़ी रौनक

कल से शुरू होगा छठ महापर्व, घाटों और बाजारों में बढ़ी रौनक

कल से शुरू होगा छठ महापर्व, घाटों और बाजारों में तैयारियां तेज

गंगा घाटों पर उमड़ेंगे व्रती, पटना में 92 घाटों और 66 तालाबों पर अर्घ्य की तैयारी, लोक आस्था का महापर्व छठ 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। बिहार में पर्व को लेकर गंगा घाटों, तालाबों और बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। पटना में नगर निगम क्षेत्र के 92 गंगा घाटों और 66 तालाबों पर छठ पूजा की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, फल मंडियों में भी खरीदारी के लिए व्यापारियों और ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी है।

घाटों पर अंतिम चरण में तैयारियां

पटना के दीघा घाट पर करीब 3 किलोमीटर और कलेक्ट्रेट घाट पर लगभग 1 किलोमीटर क्षेत्र में पूजा की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, शौचालय, चेंजिंग रूम, पेयजल और रात्रि विश्राम के लिए शेड बनाए जा रहे हैं। प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं।

सुरक्षा के लिए 3 हजार जवान तैनात

छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 240 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी। करीब 3 हजार जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रमुख घाटों पर कंट्रोल रूम बनाए जा रहे हैं और खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां लाल कपड़े से घेराबंदी की गई है।

फल बाजारों में बढ़ी रौनक

छठ पूजा के लिए बिहार की फल मंडियों में खरीदारी शुरू हो गई है। मुजफ्फरपुर में मद्रासी केले की मांग बढ़ी है, जहां एक घौद की कीमत 450 से 500 रुपये तक बताई जा रही है। वहीं, सेब 60 से 120 रुपये, संतरा 40 से 60 रुपये और अनार 100 से 160 रुपये किलो तक बिक रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी छठ की बधाई

दिल्ली में आयोजित दिवाली मिलन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। यह पर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू होगा। इसके बाद खरना, संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इसका समापन होगा।