ग्वालियर में डेढ़ माह की बच्ची का अपहरण, 7 घंटे बाद मिली
ग्वालियर में डेढ़ माह की बच्ची का अपहरण, 7 घंटे बाद मिली
ग्वालियर के बस स्टैंड से रविवार रात 45 दिन की बच्ची पूजा का अपहरण हो गया। बच्ची की मां अपनी सहेली के साथ कुछ देर के लिए गई थी। करीब एक घंटे बाद वापस लौटी तो छोटी बेटी गायब थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
करीब 7 घंटे बाद सोमवार तड़के बच्ची कमलाराजा अस्पताल (KRH) परिसर के पार्क के पास मिली। पुलिस के मुताबिक, एक संदेही उसे वहां छोड़कर भाग गया। फिलहाल बच्ची अस्पताल में है और पुलिस संदेही की तलाश कर रही है।
बस स्टैंड पर परिवार के साथ रह रही थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, टीकमगढ़ निवासी राधा अहिरवार अपने पति हरीशचंद्र और दो छोटी बेटियों के साथ तीन दिन पहले ही ग्वालियर आई थी। परिवार मजदूरी की तलाश में आया था और रहने का कोई ठिकाना नहीं होने के कारण बस स्टैंड पर ही रात गुजार रहा था।
रविवार को राधा का पति मजदूरी के लिए गया था, लेकिन शाम को खाली हाथ लौट आया।
बच्चियों के दूध के लिए पैसे नहीं होने पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद पति बस स्टैंड पर ही सो गया। राधा ने भीख मांगकर पैसों का इंतजाम किया और दोनों बेटियों को दूध पिलाकर सुला दिया।
सहेली के साथ गई मां, लौटने पर गायब मिली बच्ची
रविवार रात करीब 9 बजे राधा अपनी सहेली के साथ कुछ देर के लिए पास में गई थी। करीब एक घंटे बाद जब वह लौटी तो बड़ी बेटी सो रही थी, लेकिन 45 दिन की छोटी बेटी पूजा वहां नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV में बच्ची को गोद में ले जाता दिखा युवक
बच्ची के गायब होने की सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बस स्टैंड और शहर के प्रमुख रास्तों पर जांच शुरू की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेला ग्राउंड और खड़ी बसों की तलाशी ली गई।
बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बच्ची को गोद में लेकर पैदल जाता दिखाई दिया।
पुलिस के मुताबिक, संदेही की पहचान पन्ना निवासी विजय कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह भी पिछले तीन दिनों से बस स्टैंड पर रह रहा था। पुलिस का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले उसने राधा को अपने साथ चलने के लिए भी कहा था।
पुलिस की नाकाबंदी के बीच अस्पताल के पास छोड़ी बच्ची
पुलिस के अनुसार, शहर में नाकाबंदी और लगातार तलाशी अभियान के बीच सोमवार तड़के करीब 4 बजे संदेही बच्ची को कमलाराजा अस्पताल परिसर के पार्क के पास छोड़कर भाग गया। बच्ची मिलने के बाद उसे अस्पताल में रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि संदेही की तलाश जारी है। बच्ची मिलने के बाद उसके माता-पिता भी मौके पर नहीं मिले थे, जिसके चलते पुलिस ने उनकी भी तलाश की।
अपहरण का मामला दर्ज, मकसद का पता जांच के बाद चलेगा
पड़ाव थाना पुलिस ने राधा की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक, पुलिस के दबाव के चलते संदेही बच्ची को छोड़कर भागा है। उसके पकड़े जाने के बाद ही अपहरण के पीछे का मकसद स्पष्ट हो सकेगा।
news desk MPcg