बिलासपुर में धनतेरस पर खास संयोग, 20 घंटे खरीदारी का मुहूर्त

बिलासपुर में धनतेरस पर खास संयोग, 20 घंटे खरीदारी का मुहूर्त

बिलासपुर में शुक्रवार को धनतेरस के साथ पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत होगी। इस बार धनतेरस पर करीब 84 साल बाद शुक्र प्रदोष का विशेष संयोग बन रहा है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, यह संयोग बेहद शुभ माना जाता है। पर्व को लेकर शहर के बाजार सजकर तैयार हैं और सोना-चांदी, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों की खरीदारी के लिए ग्राहकों में उत्साह देखा जा रहा है।

20 घंटे से ज्यादा रहेगा खरीदारी का मुहूर्त

व्यंकटेश मंदिर के महंत डॉ. कौशलेंद्र प्रपन्नाचार्य के अनुसार, धनतेरस पर सुबह 10:30 बजे से 7 नवंबर की सुबह 6:37 बजे तक खरीदारी का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान सोना, चांदी, पीतल के बर्तन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना शुभ माना गया है।

शाम 6:02 से 7:57 बजे तक लक्ष्मी-कुबेर पूजन

ज्योतिषाचार्य पं. मनोज तिवारी के अनुसार, धनतेरस पर लक्ष्मी-कुबेर पूजन का शुभ समय शाम 6:02 से रात 7:57 बजे तक रहेगा। इस दिन भगवान धन्वंतरि की भी पूजा की जाएगी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान धन्वंतरि समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे।

बाजारों में खरीदारी की तैयारी, 1500 वाहनों की डिलीवरी का लक्ष्य

धनतेरस को लेकर बिलासपुर के बाजारों में खास तैयारियां की गई हैं। ऑटोमोबाइल कारोबारियों ने बाइक और कार मिलाकर करीब 1500 वाहनों की डिलीवरी का लक्ष्य रखा है। वहीं, सराफा बाजार में सोने के सिक्कों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।

बर्तन बाजार में स्टील, तांबे, कांसे और पीतल के बर्तनों की कई वैरायटी उपलब्ध हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, एसी और एआई आधारित स्मार्ट उपकरणों पर आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं।

छह दिन तक मनेगा दीपोत्सव

इस साल तिथियों में बदलाव के कारण दीपोत्सव छह दिन तक मनाया जाएगा। 7 नवंबर को रूप चतुर्दशी, 8 नवंबर को दीपावली, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाईदूज मनाई जाएगी।