इंदौर में दिवाली की सुरक्षा के लिए पटाखा बाजारों में फायर एक्सटिंग्विशर तैनात

इंदौर में दिवाली की सुरक्षा के लिए पटाखा बाजारों में फायर एक्सटिंग्विशर तैनात

इंदौर में दिवाली की सुरक्षा के लिए पटाखा बाजारों में फायर एक्सटिंग्विशर तैनात

राजबाड़ा पर चार पहिया वाहन और ऑटो-ई-रिक्शा की एंट्री प्रतिबंधित, बाजारों में पुलिस पेट्रोलिंग के साथ आग से बचाव के इंतजाम

इंदौर में दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पटाखा बाजारों में आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी बाजारों के आसपास लगातार निगरानी कर रही हैं। दूसरी ओर, खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की है।

पटाखा बाजारों में आग से बचाव के इंतजाम

शहर में लगाए गए पटाखा बाजारों में सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। दुकानों के बाहर आग बुझाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर और रेत की बाल्टियां रखी गई हैं। इसके अलावा पानी के ड्रम भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी बाजारों के आसपास राउंड लगाकर निगरानी कर रही हैं।

इन इलाकों में लगे हैं पटाखा बाजार

इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर पटाखों की दुकानें और बाजार लगाए गए हैं। इनमें पश्चिम क्षेत्र में रीजनल पार्क के पास खाली मैदान, राजीव गांधी प्रतिमा के समीप देवी अहिल्या पटाखा मार्केट, राऊ, गोपुर चौराहे के पास मैदान, सिलिकॉन सिटी और देवगुराड़िया के बाजार शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

राजबाड़ा पर चार पहिया और ऑटो-ई-रिक्शा प्रतिबंधित

दीपावली की खरीदारी के लिए राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने राजबाड़ा क्षेत्र में चार पहिया वाहनों, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित की है। जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जा सकती है।

पुलिस जवानों की तैनाती, लगातार हो रही पेट्रोलिंग

बाजारों में भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं। व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को भी दुकानों का सामान तय सीमा के भीतर रखने की हिदायत दी जा रही है। इसके लिए मुनादी भी कराई जा रही है, ताकि सड़क और बाजारों में आवागमन बाधित न हो।

पटाखा कारोबार में बढ़ी ग्राहकी, फैंसी पटाखों की मांग

पटाखा व्यापारियों के मुताबिक, दीपावली को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह है और बाजारों में खरीदारी बढ़ रही है। व्यापारी अमन वर्मा ने बताया कि इस बार फैंसी और यूनिक पटाखों की मांग अधिक है। बच्चों को आकर्षित करने वाले कार और रेल के आकार के पटाखे भी बाजार में उपलब्ध हैं।

 उन्होंने बताया कि दुकानों के बाहर फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं तथा प्रशासन की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है।

व्यापारी भावेश यादव के मुताबिक, अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की मांग बनी हुई है। रंगीन रोशनी वाले पटाखे ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं और दुकानों पर अच्छी ग्राहकी देखने को मिल रही है।

सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर प्रशासन की नजर

दीपावली के दौरान बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात दोनों मोर्चों पर इंतजाम किए हैं। पटाखा बाजारों में आग से बचाव के साधन उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि राजबाड़ा और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य त्योहार के दौरान खरीदारी करने पहुंचे लोगों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना और बाजारों में यातायात सुचारू रखना है।