प्रिंस विलियम ने मुंबई में खेला गली क्रिकेट

प्रिंस विलियम ने मुंबई में खेला गली क्रिकेट
ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन सोमवार, 16 नवंबर को तीन दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे। यहां दोनों ने क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की और मुंबई के बल्लार्ड एस्टेट में स्थानीय युवाओं के साथ गली क्रिकेट खेला। इस दौरान विलियम और केट ने भारतीय अंदाज में क्रिकेट का आनंद लिया। दोनों का यह 2016 के बाद दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है।

इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मुंबई में आयोजित होने वाले अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में शामिल होना है। यह पुरस्कार पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी समस्याओं के समाधान खोजने वाले लोगों और संस्थाओं को दिया जाता है। प्रिंस विलियम ने 2020 में इस पहल की शुरुआत की थी। मंगलवार, 17 नवंबर को मुंबई में इसका छठा पुरस्कार समारोह आयोजित होगा।

मुंबई मेट्रो में सफर करेंगे प्रिंस विलियम

भारत दौरे के दौरान प्रिंस विलियम मुंबई मेट्रो में भी सफर करेंगे। इस कार्यक्रम के जरिए शहर में सार्वजनिक परिवहन और टिकाऊ शहरी विकास के महत्व को सामने लाया जाएगा। वहीं, प्रिंसेस केट बच्चों और परिवारों से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी और एक अस्पताल का दौरा भी उनके कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया है।

शाही दंपती मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और अन्य प्रमुख हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरे में क्रिकेट, सिनेमा, फैशन और पर्यावरण संरक्षण के जरिए भारत-ब्रिटेन के सांस्कृतिक संबंधों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

पांच विजेताओं को मिलेंगे करीब 11-11 करोड़ रुपए

अर्थशॉट प्राइज के तहत हर साल पर्यावरण से जुड़ी पांच श्रेणियों में विजेताओं का चयन किया जाता है। प्रत्येक विजेता को 10 लाख पाउंड यानी करीब 11 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसका उद्देश्य ऐसे नए विचारों और तकनीकों को आर्थिक मदद देना है, जो जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, कचरा प्रबंधन, समुद्री संरक्षण और जैव विविधता जैसी चुनौतियों का समाधान कर सकें।

इस साल के समारोह के लिए 15 फाइनलिस्ट चुने गए हैं। इनमें भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी भी शामिल है, जो इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर बनाती है। आयोजकों के अनुसार, इस बार का आयोजन अब तक का सबसे बड़ा अर्थशॉट समारोह होगा।

पहली बार बच्चों के लिए होगा अर्थशॉट अवॉर्ड

इस साल पहली बार चिल्ड्रन्स अर्थशॉट अवॉर्ड भी आयोजित किया जाएगा। इसमें 9 से 17 वर्ष की उम्र के बच्चों के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों और प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल में भारत के 24 राज्यों के 15 हजार स्कूलों को शामिल किया गया है। बच्चों को अपने आसपास की पर्यावरण संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान सुझाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

सचिन, आलिया और श्रेया घोषाल भी होंगे शामिल

17 नवंबर को होने वाली अवॉर्ड नाइट में भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता रामी मालेक समेत कई चर्चित हस्तियां शामिल होंगी। कार्यक्रम की मेजबानी फिल्ममेकर करण जौहर करेंगे।

गायिका श्रेया घोषाल ब्रिटिश पॉप बैंड टेक दैट के साथ प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा मुंबई की संगीतकार मर्लिन डी'सूजा के नेतृत्व में अर्थशॉट ऑर्केस्ट्रा और भारत का ऑल-फीमेल हिप-हॉप ग्रुप वाइल्ड वाइल्ड वुमन भी कार्यक्रम में परफॉर्म करेगा।

18 नवंबर को PM मोदी से मुलाकात

मुंबई में कार्यक्रमों के बाद प्रिंस विलियम और केट मिडलटन 18 नवंबर को नई दिल्ली जाएंगे। यहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। बैठक में भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, तकनीक, शिक्षा और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा होने की उम्मीद है।

भारत और ब्रिटेन के बीच यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण और नई तकनीक पर केंद्रित अर्थशॉट समारोह के जरिए भारत की पर्यावरणीय पहलों और नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलेगा।