उज्जैन में नीलगाय रेस्क्यू अभियान को पहले दिन सीमित सफलता

उज्जैन में नीलगाय रेस्क्यू अभियान को पहले दिन सीमित सफलता

उज्जैन में नीलगाय रेस्क्यू अभियान को पहले दिन सीमित सफलता

उज्जैन जिले में नीलगायों को पकड़कर दूसरे स्थान पर सुरक्षित स्थानांतरित करने के अभियान में वन विभाग को पहले दिन अपेक्षित सफलता नहीं मिली। ब्रजराजखेड़ी में दक्षिण अफ्रीकी बोमा तकनीक से किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में हेलीकॉप्टर की मदद से नीलगायों के झुंडों को करीब 10 किलोमीटर तक दौड़ाकर बोमा संरचना की ओर ले जाया गया।

हालांकि, झुंड संरचना के फनल तक पहुंचने के बाद भी अंदर दाखिल नहीं हुए और वापस खुले क्षेत्र की ओर लौट गए। पहले ऑपरेशन में केवल एक नर और एक मादा सहित दो नीलगाय पकड़ी जा सकीं। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को गांधीसागर अभयारण्य में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

ब्रजराजखेड़ी में किया गया पहला रेस्क्यू ऑपरेशन

शाजापुर जिले में कृष्णमृग और नीलगायों के रेस्क्यू एवं स्थानांतरण अभियान की सफलता के बाद उज्जैन जिले में भी 31 अक्टूबर से यह अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत बुधवार को ग्राम ब्रजराजखेड़ी में पहला ऑपरेशन किया गया।

वन विभाग और दक्षिण अफ्रीकी विशेषज्ञ संस्था कंजर्वेशन सॉल्यूशन्स की टीम ने हेलीकॉप्टर की मदद से नीलगायों के झुंडों को बोमा संरचना की ओर पहुंचाया। अलग-अलग झुंडों में करीब 13 से 20 नीलगायें थीं। टीम ने उन्हें घेरकर फनल के मुहाने तक पहुंचाया, लेकिन ज्यादातर नीलगायें अंदर जाने के बजाय वापस लौट गईं।

बोमा संरचना देखकर सतर्क हुए नीलगायों के झुंड

विशेषज्ञों के शुरुआती आकलन के मुताबिक, नीलगायों के वापस लौटने की एक वजह इलाके से उनकी पहले की परिचितता हो सकती है। स्थानीय ग्रामीणों और मैदानी अमले से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ झुंड अभियान स्थल के आसपास पिछली शाम या रात में देखे गए थे।

संभावना जताई गई कि नीलगायों ने बोमा संरचना को पहले ही देख लिया था। ऐसे में सुबह हेलीकॉप्टर से उसी दिशा में ले जाए जाने पर वे सतर्क हो गईं और संरचना के भीतर जाने के बजाय खुले क्षेत्र की ओर लौट गईं।

पिछले साल भी इसी स्थान पर नहीं मिली थी सफलता

विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रजराजखेड़ी में पिछले साल भी बोमा संरचना स्थापित की गई थी। वन्यजीवों की स्थान से जुड़ी स्मृति और पुराने अनुभव उनके व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं। इस बार भी कुछ झुंड फनल के मुहाने तक पहुंचने के बाद वापस लौट गए।

वन विभाग और विशेषज्ञों की टीम पूरे ऑपरेशन का आकलन कर रही है। अगले रेस्क्यू के दौरान इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि नीलगायों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके।

केसुनी में होगा अगला रेस्क्यू ऑपरेशन

अभियान के तहत हसामपुरा, पंथपिपलई, ताजपुर और केसुनी क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया गया। सर्वे में केसुनी क्षेत्र में बड़ी संख्या में नीलगायों की मौजूदगी और उनके अनुकूल प्राकृतिक वनस्पति मिली है। इसके बाद वन विभाग ने अगले रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए केसुनी को प्रस्तावित किया है।

3 नवंबर तक जारी रहेगा अभियान

नीलगायों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का अभियान 3 नवंबर तक जारी रहेगा। पहले दिन दो नीलगायों को ही पकड़ा जा सका। अब विभाग और विशेषज्ञ टीम केसुनी में अगले ऑपरेशन की तैयारी कर रही है।