हिसार में JJP के 6 नेताओं के खिलाफ 150 पेज का चालान पेश, दिग्विजय चौटाला समेत 7 की जांच जारी

हिसार में JJP के 6 नेताओं के खिलाफ 150 पेज का चालान पेश, दिग्विजय चौटाला समेत 7 की जांच जारी

हिसार में JJP के 6 नेताओं के खिलाफ 150 पेज का चालान पेश, दिग्विजय चौटाला समेत 7 की जांच जारी

GJU में तोड़फोड़ और सरकारी कामकाज बाधित करने का मामला, संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने पर हुआ था विवाद; 18 नवंबर को कोर्ट में होगी अगली सुनवाई

हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (GJU) में करीब छह महीने पहले हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ा दी है। सिटी थाना पुलिस ने जजपा और उसकी छात्र इकाई इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) के छह नेताओं के खिलाफ अदालत में 150 पेज की चार्जशीट पेश की है। यह मामला विश्वविद्यालय में संवाद कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद वीसी कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन और तोड़फोड़ से जुड़ा है। सभी छह आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं।

इन छह नेताओं के खिलाफ पेश किया गया चालान

पुलिस की ओर से जिन छह नेताओं के खिलाफ जेएमआईसी कोर्ट में चालान पेश किया गया है, उनमें जजपा हलका अध्यक्ष एवं अधिवक्ता तरुण गोयल, जिला प्रवक्ता रविंद्र आहूजा, एससी सेल के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र, युवा हलका अध्यक्ष गौरव सैनी और डीएन कॉलेज के छात्र व इनसो नेता दीपक घनघस तथा जितेंद्र श्योराण शामिल हैं।

पुलिस ने इन सभी को मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में 18 अप्रैल को सभी को जमानत मिल गई थी। जजपा हलका अध्यक्ष तरुण गोयल ने भी छह लोगों के खिलाफ चालान पेश किए जाने की पुष्टि की है।

18 नवंबर को कोर्ट में होगी अगली सुनवाई

मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर को निर्धारित की गई है। इस दिन अदालत की ओर से सभी छह आरोपियों को चार्जशीट की प्रति सौंपी जाएगी। पुलिस ने चालान के साथ रिमांड पेपर, एफआईआर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी संलग्न किए हैं।

अगली सुनवाई में रिमांड पेपर और आरोप तय करने की प्रक्रिया को लेकर दोनों पक्षों के वकीलों की दलीलें सुनी जाएंगी। इसके बाद अदालत मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी।

दिग्विजय चौटाला समेत 7 लोगों की जांच जारी

इस प्रकरण में नामजद सात अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। इनमें दिग्विजय सिंह चौटाला, दीपक मलिक, हरिंद्र बैनीवाल, हरिकेश ढांडा, अजय कुमार, आशीष कुमार और रोहित सोनी के नाम शामिल हैं। इनकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है। फिलहाल इन सात लोगों के खिलाफ चालान पेश नहीं किया गया है।

क्या था GJU में पूरा विवाद?

करीब छह महीने पहले जजपा और इनसो नेताओं ने छात्रों की मांगों को लेकर गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। अनुमति नहीं मिलने के बाद प्रदर्शनकारी वीसी कार्यालय के बाहर पहुंचे थे। विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर अनिल कुमार ने सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और सरकारी कामकाज बाधित किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की थी और देर रात छह नेताओं को गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला भी पहुंचे थे हिसार

छह नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला सहित जजपा के कई नेता हिसार पहुंचे थे। पार्टी नेताओं ने सिटी थाने का घेराव किया और गिरफ्तारी देने की बात कही थी। इसके बाद लघु सचिवालय की ओर जाते समय पुरानी सब्जी मंडी पुल पर पुलिस और नेताओं के काफिले के बीच वाहन रोकने को लेकर तत्कालीन CIA इंचार्ज के साथ तीखी नोकझोंक हुई थी।

BNS और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान की धाराओं में मामला

पुलिस की ओर से पेश चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराएं शामिल की गई हैं। इनमें सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने, चोट पहुंचाने, सरकारी काम में बाधा डालने, दंगा करने, गैरकानूनी जमावड़े और आपराधिक अतिक्रमण से संबंधित धाराएं शामिल हैं। इसके अलावा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम (PDPP Act) की धारा 3 भी लगाई गई है। अब मामले में आगे की कार्रवाई अदालत में होने वाली सुनवाई और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर तय होगी।