ग्वालियर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, टीवी दिखाने के बहाने घर बुलाया
ग्वालियर में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, टीवी दिखाने के बहाने घर बुलाया
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 9 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की है, जहां पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने बच्ची को टीवी दिखाने के बहाने अपने घर बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
बच्ची के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर बच्ची अपने घर पहुंची और पिता को घटना की जानकारी दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
माता-पिता के काम पर जाने के बाद हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता चौथी कक्षा की छात्रा है। उसके माता-पिता निजी नौकरी करते हैं। सोमवार सुबह करीब 8 बजे दोनों काम पर चले गए थे। उस समय बच्ची अपने छोटे भाई के साथ घर पर थी। दोपहर करीब 12:30 बजे पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने बच्ची को 20 रुपए दिए और दुकान से सामान लाने के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इसी दौरान बच्ची का भरोसा जीतने की कोशिश की।
टीवी दिखाने के बहाने घर बुलाकर की हरकत
बच्ची जब दुकान से सामान लेकर वापस लौटी तो आरोपी ने उसे टीवी दिखाने के बहाने अपने घर बुलाया। कमरे में पहुंचने के बाद उसने दरवाजा बंद कर कुंडी लगा दी। इसके बाद बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने विरोध किया और शोर मचाने लगी तो आरोपी ने उसका मुंह दबाया और जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद आरोपी ने दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद बच्ची वहां से निकल सकी।
बच्ची ने पिता को फोन कर दी जानकारी
आरोपी के घर से बाहर निकलने के बाद बच्ची अपने घर पहुंची। उसने मोबाइल से पिता को फोन किया और रोते हुए पूरी घटना बताई। जानकारी मिलते ही माता-पिता घर पहुंचे और बच्ची को लेकर गोला का मंदिर थाने पहुंचे। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने सोमवार रात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। मंगलवार दोपहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक, बच्ची की शिकायत पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
news desk MPcg