Mehul Choksi Arrested:13,850 करोड़ के PNB घोटाले का भगोड़ा बेल्जियम में गिरफ्तार, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी में
मेहुल चोकसी, 13,850 करोड़ रुपये के पीएनबी घोटाले का आरोपी, बेल्जियम में गिरफ्तार। भारत सरकार की अपील पर बेल्जियम पुलिस ने मुंबई कोर्ट के वारंट पर कार्रवाई की। चोकसी के खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर जमानत मांगने की संभावना।
ब्रसेल्स: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 13,850 करोड़ रुपये के घोटाले के मुख्य आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समाचार एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार के अनुरोध पर बेल्जियम पुलिस ने यह कार्रवाई की। चोकसी की गिरफ्तारी से भारत में चल रही जांच को और बल मिलने की उम्मीद है।
65 वर्षीय चोकसी के खिलाफ भारत में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) लंबे समय से जांच कर रहे हैं। सीबीआई ने भगोड़े अपराधी को पकड़ने के लिए कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज किए थे। सूत्रों के मुताबिक, चोकसी ने 15 नवंबर 2023 को बेल्जियम की नागरिकता प्राप्त कर ली थी, जिसके बाद भारत सरकार ने उसकी गिरफ्तारी के लिए और सक्रियता दिखाई।
मुंबई कोर्ट के वारंट पर हुई कार्रवाई
बेल्जियम पुलिस ने चोकसी की गिरफ्तारी के लिए मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी दो गैर-जमानती वारंटों का आधार बनाया। ये वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। इन वारंटों के तहत चोकसी को भारत प्रत्यर्पित करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
जमानत की कोशिश कर सकता है चोकसी
जानकारी के अनुसार, चोकसी अब खराब स्वास्थ्य और अन्य कारणों का हवाला देकर जमानत या त्वरित रिहाई की मांग कर सकता है। हालांकि, भारत सरकार और जांच एजेंसियां उसे देश वापस लाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठा रही हैं।चोकसी की गिरफ्तारी को पीएनबी घोटाले की जांच में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
news desk MPcg